किसान परिवार के दो छात्र बने कोल्हान के संयुक्त टॉपर, शुभम बनना चहता है इंजीनियर तो भूमिका का सपना अलग
जैक मैट्रिक की परीक्षा में दो छात्र संयुक्त रूप से कोल्हान टॉपर बने हैं. दोनों ही छात्र किसान परिवार से हैं.

Published : May 27, 2025 at 8:44 PM IST
जमशेदपुरः जैक 10 बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है. जिसमें पूर्वी सिंहभूम जिला के ग्रामीण इलाके से दो छात्र संयुक्त रूप से कोल्हान टॉपर बने हैं. दोनों छात्र किसान परिवार से हैं. एक का सपना इंजीनियर बनने का है तो दूसरा AI या साइबर की पढ़ाई करना चाहता है.
शुभम पात्रा और भूमिका मिश्रा बने कोल्हान टॉपर
जैक 10 बोर्ड की परीक्षा में पूर्वी सिंहभूम जिला के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाला छात्र शुभम पात्रा और छात्रा भूमिका मिश्रा ने सर्वाधिक अंक प्राप्त का कोल्हान टॉपर बने हैं. शुभम कुमार पात्रा और भूमिका मिश्रा को 97.40% अंक मिले हैं. जमशेदपुर से दूर पटमदा के सुदूर ग्रामीण इलाके में रहने वाले दोनों छात्र किसान परिवार से हैं. भूमिका मिश्रा और शुभम पात्रा दोनों बांगुड़दा स्थित आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल के छात्र हैं.
माता-पिता का सहारा बनना चाहती है भूमिका
छात्रा भूमिका मिश्रा ने बताया कि मैथ में उसे 100 अंक, कंप्यूटर में 99 अंक, साइंस में 98 अंक, इंग्लिश में 96 अंक, सोशल साइंस में 94 अंक और हिंदी में 89 अंक मिले हैं. भूमिका मिश्रा की मां हाउस वाइफ हैं और पिता हेमंत मिश्रा किसान हैं. भूमिका मिश्रा से ईटीवी भारत ने बातचीत की. जिसमें उन्होंने बताया कि आगे की पढ़ाई कर कुछ बेहतर कर माता-पिता का सहारा बनना चाहती हैं. पढ़ाई में स्कूल की टीचर का पूरा स्पोर्ट मिला. पापा के मोबाइल का इस्तेमाल कर मैंने पढ़ाई की. भूमिका ने बताया कि आगे वो कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करना चाहती है. साथ ही नई टेक्नोलजी AI के अलावा वो साइबर की पढ़ाई करना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि मैट्रिक के रिजल्ट से खुश हूं, लेकिन सपना अभी अधूरा है. उसे पूरा करना मेरा लक्ष्य है.
शुभम पात्रा के रिजल्ट से पिता हैं काफी खुश
इधर, पटमदा के कमलपुर इलाके में रहने वाले किसान कौशिक पात्रा काफी खुश हैं. उनका पुत्र शुभम पात्रा मैट्रिक की परीक्षा में कोल्हान टॉपर बना है. शुभम भी बांगुड़दा आदिवासी प्लस टू हाइ स्कूल का छात्र है. शुभम ने बताया की मैथ में उसे 99 नंबर, कंप्यूटर में 99 नंबर, इंग्लिश में 98 अंक, सोशल साइंस में 97 अंक, साइंस में 94 अंक और हिंदी में 90 अंक मिले हैं.
इंजीनियरिंग करना चाहता है शुभम
शुभम पात्रा के परिवार में 13 सदस्य हैं. उसके दादा जी अजीत पात्रा रिटायर्ड शिक्षक हैं. उनका सपना है कि उनका पोता सरकारी जॉब करे. शुभम ने कहा कि मुझे दादा जी के सपने को पूरा करना है. आगे मुझे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करनी है. दोनों छात्र के बेहतर रिजल्ट पर गांव वाले उन्हें बधाई दे रहे हैं. ग्रामीण इस बात से खुश हैं कि दोनों छात्रों ने गांव का मान बढ़ाया है.
ये भी पढ़ें-
JAC Matric Results: ठेले वाले की बेटी बनी सिटी टॉपर, आईपीएस बनने की है ख्वाहिश
आदिवासी छात्रा शोभिता की मदद के लिए आए कई लोग, ईटीवी भारत ने प्रकाशित की थी इनकी संघर्ष की कहानी
JAC ने जारी किया मैट्रिक का रिजल्ट, 91.71 फीसदी छात्र सफल, छात्राओं ने मारी बाजी

