ड्रग पैडलर्स के खिलाफ चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों के ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
चतरा पुलिस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.

Published : June 29, 2025 at 7:58 PM IST
चतरा: ब्राउन शुगर तस्करों के विरुद्ध चतरा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से 286 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन और विभिन्न कंपनियों का पांच मोबाइल फोन जब्त किया है. जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है. चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है.
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित गिद्धौर थाना पुलिस की टीम की कार्रवाई में यह सफलता मिली है. उन्होंने बताया कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के फुटबॉल मैदान के समीप से अभियान चलाकर पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया है. हालांकि इस दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा. एसपी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि ड्रग पैडलरों के द्वारा बड़े पैमाने पर अफीम और ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गिद्धौर तेली टोला निवासी अभिमन्यु कुमार साव और प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगियारा के नौकाडीह गांव निवासी नितेश कुमार उर्फ त्रिवेणी उर्फ वेणी शामिल हैं.
एसपी ने बताया कि अफीम तस्करी सिंडिकेट से जुड़े माफिया को चिन्हित कर लिया गया है. इस ग्रुप में शामिल बड़े माफिया दूसरे शहरों से अफीम और ब्राउन शुगर लाकर चतरा में तस्करों के बीच सप्लाई करते हैं. ऐसे माफियाओं को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की तैयारी है. उन्होंने बताया कि नशे के माफियाओं के द्वारा तस्करी से अर्जित संपत्ति को पुलिस जब्त करने की तैयारी में है.

