दिल्ली में महिला समेत दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 2 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपी सौरव पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है.

Published : August 31, 2025 at 8:43 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक महिला समेत दो कुख्यात ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 446 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की है. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है. डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि अपराध शाखा की एनआर-2 टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त नरेंद्र बेनीवाल के पर्यवेक्षण और निरीक्षक संदीप स्वामी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की.
19 अगस्त को बुराड़ी निवासी सौरव उर्फ आर्यन (29) को पकड़ा गया, जिसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई थी. पूछताछ में उसका तार उत्तम नगर निवासी महिला से जुड़ा पाया गया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस जांच में सामने आया कि महिला इस ड्रग सिंडिकेट की सरगना है और लंबे समय से नशे के धंधे में सक्रिय है. पुलिस के अनुसार, सौरव पहले स्नैचिंग, डकैती और अवैध शराब तस्करी जैसे अपराधों में शामिल रहा है. वहीं महिला भी आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई बार जेल जा चुकी है. दोनों मिलकर युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का काम कर रहे थे.
दिल्ली पुलिस की तरफ से आगे बताया गया कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस गिरोह का पर्दाफाश अपराध शाखा की एक बड़ी उपलब्धि है. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
हाशिम बाबा गैंग का शूटर गिरफ्तार: वहीं, एक अन्य मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए हाशिम बाबा गैंग के सक्रिय शूटर को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान असद अमीन (23), निवासी जाफराबाद, दिल्ली के रूप में हुई है. उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. डीसीपी विक्रम सिंह के मुताबिक के मुताबिक, 26 अगस्त को एसआई नवीन कुमार को आरोपी की गतिविधियों को लेकर गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर बराखंबा रोड मेट्रो स्टेशन बस स्टैंड, एसबीआई बैंक के पास जाल बिछाकर उसे पकड़ा गया. तलाशी में हथियार बरामद होने पर क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

