रांची-पटना रोड पर ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत, अनियंत्रित होकर नाले में पलटा वाहन
कोडरमा में रांची-पटना रोड पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई.

Published : October 5, 2025 at 12:27 PM IST
कोडरमा: रांची-पटना रोड एनएच 20 पर होली फैमिली हास्पिटल के पास ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दूसरे युवक ने सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया.
दोनों युवकों की हुई मौत
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम एक ट्रक कोडरमा से झुमरीतिलैया की ओर जा रहा था, जबकि विपरीत दिशा से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक कोडरमा की ओर जा रहे थे. इस दौरान होली फैमिली हॉस्पिटल के पास ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे बाइक पर बैठे सतगावां निवासी प्रवीण कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे अरविंद कुमार को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी भी मौत हो गई.
ट्रक चालक और उपचालक फरार
बता दें कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखी थी, इसलिए उसके सिर में ज्यादा चोटें नहीं आईं, लेकिन शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के कारण इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई. इधर, घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे नाले में जा गिरा.
ट्रक का चालक और उपचालक मौका देखकर घटनास्थल से फरार हो गए. हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया गया. पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है.
रास्ते में गुजर रहे तिलैया थाना प्रभारी ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया. दोनों मृतक के घरवालों को घटना के बारे में जानकारी दे दी गई है. पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को बॉडी सौंपी जाएगी. ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-
पलामू में सड़क दुर्घटना में दो ट्रकों के बीच हुआ हादसा, एक युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
चेकपॉइंट पर नहीं रुका ट्रक, सेना ने 23 km तक पीछा किया, चालक की मौत
दो ट्रकों की टक्कर से लगी भीषण आग, धू-धू कर जल उठा कबाड़ लदा ट्रक

