श्रीगंगानगर के दो क्रिकेटरों का चयन, मानव सुथार भारत-ए टीम में, अजय कूकणा दलीप ट्रॉफी के लिए सिलेक्ट
श्रीगंगानगर के दो क्रिकेटर मानव सुथार का सुथार का चयन भारत-ए टीम में और अजय कूकणा का दलीप ट्रॉफी के लिए हुआ है.

Published : September 10, 2025 at 10:49 AM IST
श्रीगंगानगर : जिले के दो होनहार क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. मानव सुथार का चयन भारत-ए टीम में और अजय कूकणा का चयन दलीप ट्रॉफी के लिए हुआ है. दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है. इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ, श्रीगंगानगर ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
मानव सुथार का भारत 'ए' टीम में चयन : मानव सुथार एक मध्यवर्गीय परिवार से आते हैं. उन्होंने अपने कोच धीरज शर्मा के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत की और क्रिकेट की बुनियाद मजबूत की. कोच धीरज शर्मा ने बताया कि अंडर-14 और अंडर-16 में श्रीगंगानगर टीम के कप्तान के रूप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर जिले को जीत दिलाई. इसके बाद अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर राजस्थान की ओर से खेलते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. लगातार 10 वर्षों तक बीसीसीआई के सभी फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर वे रणजी ट्रॉफी में चयनित हुए. रणजी में दमदार खेल दिखाने के बाद उनका चयन दलीप ट्रॉफी और भारत-ए टीम में हुआ. इंग्लैंड दौरे पर भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और अब ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत-ए टीम में चुने गए हैं.
पढ़ें. बाड़मेर की बेटी सुशीला का कमाल: रग्बी फुटबॉल टीम में चयन, चीन में दिखाएगी दम
अजय कूकणा दलीप ट्रॉफी के लिए चयनित : वहीं, श्रीगंगानगर के ही अजय कूकणा का भी चयन दलीप ट्रॉफी के लिए हुआ है. अजय ने गत वर्ष रणजी ट्रॉफी में राजस्थान की ओर से खेला और शानदार गेंदबाजी-बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा. वे लेफ्ट आर्म गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. इनके इस प्रदर्शन के आधार पर बीसीसीआई ने उन्हें दलीप ट्रॉफी में मौका दिया है. दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले में हर्ष का माहौल है. जिला क्रिकेट संघ सचिव विनोद सहारण और कोच धीरज शर्मा सहित पूरे जिले ने उम्मीद जताई है कि मानव और अजय भविष्य में देश और श्रीगंगानगर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी ऊंचाई पर ले जाएंगे.

