भारी बारिश से दुर्ग-भिलाई 'जलमग्न', उफान पर शिवनाथ नदी, 32 लोगों को बचाया गया; सड़कों और गलियों में सैलाब..VIDEO
दुर्ग भिलाई में लगातार बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. ETV भारत की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 9, 2025 at 1:20 PM IST
|Updated : July 9, 2025 at 2:13 PM IST
दुर्ग: जिले में लगातार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है. चार दिनों से मूसलधार बारिश हो रही है. भारी बारिश के कारण शिवनाथ नदी सहित कई नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. शहरी इलाकों में भी बस्तियां जलमग्न हो गई है. बाहर खड़ी गाड़ियों में पानी भर रहा है.
भिलाई का बीजेपी कार्यालय जलमग्न: महमरा एनीकट का जलस्तर 6 फीट तक बढ़ चुका है, जिससे आसपास के इलाकों में पानी भर गया है.. आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है. सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में भिलाई का भाजपा कार्यालय भी शामिल है. सुपेला स्थित चंद्रा मौर्या और प्रियदर्शनी परिसर के अंडरब्रिज पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं.
VIDEO में देखिए जलमग्न इलाकों का हाल-
मौके से ETV भारत के संवाददाता की ग्राउंड रिपोर्ट देखिए-
दावों की पोल खुली, अब जल निकासी का काम जारी: जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए भिलाई नगर निगम की टीम अब युद्धस्तर पर जल निकासी के काम में जुटी हुई है. पंपिंग सेट और मशीनों की सहायता से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और ऊंचाई वाले स्थानों पर शरण लेने की अपील की है. हालात पर नजर बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम को भी सक्रिय कर दिया गया है.
घर के बाहर निकलने में परेशानी: प्रमुख आवाजाही वाली सड़क और अंदरूनी गलियों में पानी भर जाने से कामकाजी लोग भी घर से बाहर नहीं निकल पा रहे. अंडरब्रिज के लबालब भर जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. भिलाई के कोसा नाला बस्ती, अटल आवास, पुलिस थाना जैसी जगह में भी जलजमाव हुआ है.
लोगों का क्या कहना है: कैम्प, सुपेला, खुर्सीपार जैसे क्षेत्र की कई कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं. बस्ती के लोगों ने बताया कि ज्यादा बारिश होने से हर साल घरों में पानी भर जाता है. छोटे-छोटे बच्चे घर में हैं, सांप निकलने का भी खतरा होता है. कई बार घरों में सांप समेत कई जहरीले कीड़े घुस जाते हैं.
जलमग्न इलाकों की कुछ तस्वीरें



जिन क्षेत्रों में पानी भरा है वहां पर राहत के लिए कार्य किए जा रहे हैं नगर निगम का अमला पूरे संसाधनों के साथ बारिश के पानी की व्यवस्थित निकासी में जुटा है- नीरज पाल, भिलाई महापौर
शिवनाथ नदी का उफान और रेस्क्यू का VIDEO
बाढ़ में फंसे 32 लोगों को बचाया गया: भारी बारिश के चलते शिवनाथ नदी उफान पर है. इस दौरान ग्राम थनौद में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत कार्यरत 32 लोग पानी में फंस गए थे. इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे. एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली.
सूचना मिलते ही, रेस्क्यू टीम तत्काल रवाना हुई. मुश्किल हालातों के बावजूद हमने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है. लोगों से भी अपील है कि, जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें- एसडीआरएफ के कमांडेंट नागेंद्र सिंह
बालोद में बारिश से धंसने लगा पुल, जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण
बारिश में लापरवाही जान पर पड़ी भारी, कोयले से लदा ट्रक पानी में समाया

