चारधाम: लिंचोली में पहाड़ी से बरस रहे पत्थर और बोल्डर, यात्रा में आई भारी कमी
सोनप्रराग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया राजमार्ग बाधित, यात्रियों को नापनी पड़ रही अतिरिक्त दूरी.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 22, 2025 at 12:11 PM IST
रुद्रप्रयाग: केदारघाटी में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा में असर दिखने लगा है. पहले यात्रा में 24 से 25 हजार के करीब तीर्थयात्री पहुंच रहे थे, वहीं अब ये आंकड़ा घटकर 16 हजार तक आ गया है. वहीं मानसून को देखते हुए हेली सेवाओं को बंद कर दिया गया है. जबकि दो दिनों से सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण राजमार्ग बार-बार बाधित हो रहा है. जिस कारण तीर्थ यात्रियों को 6 किमी का अतिरिक्त सफर तय करने के साथ ही 24 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही है.
केदारघाटी में बीते एक सप्ताह से रुक-रुक बारिश जारी है. बारिश के कारण जहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है, वहीं केदारनाथ यात्रा पर भी इसका असर पड़ रहा है. यात्रियों की संख्या धीरे-धीरे घटती जा रही है. पहले जहां हर दिन यात्रा में 24 से 25 हजार के करीब तीर्थ यात्री धाम पहुंच रहे थे, वहीं अब यात्रा में 16 हजार के करीब तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं. मौसम का असर यात्रा पर साफ तौर पर देखा जा रहा है. वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण अब केदारनाथ हाईवे भी रुकावट पैदा कर रहा है.

हाईवे के सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में लगातार पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं, जिस कारण यहां पर यातायात बार-बार बाधित हो रहा है. यातायात बाधित होने से सोनप्रयाग से गौरीकुंड की 6 किमी की अतिरिक्त दूरी नापनी पड़ रही है. ऐसे में यात्रियों को केदारनाथ धाम पहुंचने के लिए 24 किमी का सफर तय करना पड़ रहा है. लगातार हो रही बारिश के कारण हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है, जिससे तीर्थ यात्रियों की जान को भी खतरा बना हुआ है. गौरीकुंड से केदारनाथ धाम 19 किमी पैदल मार्ग के बीच भी जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहा है, जिस कारण श्रद्धालु बहुत ज्यादा परेशान हैं. रास्ते भर उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पैदल मार्ग के लिंचोली, जंगलचट्टी में पहाड़ी से कब मौत बरस जाए, कहा नहीं जा सकता.
मुनकटिया लैंड साइड जोन के पास लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण फिलहाल मार्ग बाधित है. भूस्खलन क्षेत्र की पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी की जा रही है. मार्ग में गिर रहे मलबा पत्थर की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से सम्बन्धित थाना सोनप्रयाग और एसडीआरएफ को दी जा रही है, जिनके द्वारा समन्वय स्थापित कर मार्ग खोलने की कार्रवाई की जा रही है.
अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि लिंचोली के पास पैदल मार्ग में आए मलबा पत्थर को हटाने का कार्य सम्बन्धित कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के स्तर से किया जा रहा है. केदारनाथ धाम यात्रा के लिए आए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. यात्री मुनकटिया स्लाइडिंग जोन वाले क्षेत्र में 6 किमी की अतिरिक्त पैदल दूरी तय कर करीब 24 किमी केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं.
पैदल चलकर केदारनाथ धाम पहुंचे नवनियुक्त डीएम जैन: कार्यभार ग्रहण करते ही नवनियुक्त डीएम प्रतीक जैन ने केदारनाथ यात्रा का मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने जहां केदारनाथ हाईवे का जायजा लिया, वहीं सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक पैदल चलकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. धाम पहुंचकर डीएम ने बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद लिया और तीर्थ पुरोहितों से मुलाकात की.
पढ़ें-

