कुमाऊं के इस अस्पताल में पहली बार हुआ टोटल हिप रिप्लेसमेंट, 24 घंटे के अंदर चलने लगा मरीज
पंडित हरगोविंद पंत जिला अस्पताल अल्मोड़ा में मरीज का टोटल हिप रिप्लेसमेंट किया गया, आयुष्मान कार्ड से खर्चा भी नहीं आया

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 1, 2025 at 4:24 PM IST
|Updated : July 1, 2025 at 5:07 PM IST
अल्मोड़ा: जिला अस्पताल में अब टोटल हिप रिप्लेसमेंट जैसी जटिल और महंगी सर्जरी संभव हो गई है. इसके लिए अब संबंधित मरीजों को दिल्ली और अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. नगर के बीचों बीच पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में यह सुविधा शुरू हो गई है. इस दौरान एक मरीज का सफल ऑपरेशन कर टोटल हिप रिप्लेसमेंट किया गया है.
टोटल हिप रिप्लेसमेंट करवाना आम लोगों के लिए एक जटिल समस्या है. इस महंगी सर्जरी को करवाने के लिए लोगों को बड़े शहरों में जाना पड़ता था. लाखों रुपए का खर्च आने के कारण अनेक गरीब तो इस सर्जरी को करा ही नहीं पाते हैं. अल्मोड़ा में इस सर्जरी का लाभ अब गरीब लोगों को मिल रहा है.
अल्मोड़ा के पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय में भर्ती एक मरीज प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि विगत दिनों बाजार में फिसल जाने से उनको चोट लग गई थी. जिला अस्पताल चिकित्सकों को दिखाया, जिसके बाद ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद आराम मिल गया था. लेकिन वह फिर घर में गिर गए और उन्हें दोबारा चोट आ गई. फिर उन्होंने जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश को दिखाया तो उन्होंने कूल्हे की हड्डी घिस जाने से बदलने की बात कही. जिसके बाद डॉक्टर ने ऑपरेशन किया और तब से बहुत आराम है. वह फिर से चलने भी लगे हैं. मरीज का कहना है कि अगर यह ऑपरेशन नहीं होता तो वह जिंदगी भर ऐसे ही रहते. उन्होंने डॉ. अविनाश का आभार जताया.
इधर डॉ. अविनाश ने बताया कि दरअसल मरीज को गठिया बात की शिकायत होने से उनके कूल्हे की हड्डी घिस गई थी, जिस कारण उसका हिप रिप्लेसमेंट किया है. इसके बाद मरीज 6 घंटे के बाद अपने पैरों पर खड़ा हो गया और 12 से 24 घंटे के अंदर चलने लगा. डॉ. अविनाश ने बताया कि इस टोटल हिप रिप्लेसमेंट को मरीज के आयुष्मान कार्ड की मदद से किया गया. उन्होंने कहा कि टोटल हिप रिप्लेसमेंट के बाद जल्द ही अस्पताल नी रिप्लेसमेंट (knee replacement) भी अगले महीने से शुरू करने जा रहा है. वहीं उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किया गया यह सफल ऑपरेशन अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी और निश्चेतक विभाग के सहयोग से संभव हो सका.
आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मिल रहा लाभ: टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी एक महंगी सर्जरी है. लेकिन जिला अस्पताल अल्मोड़ा में इसे आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया जा रहा है. पहले इस सर्जरी पर मरीजों को बड़े शहरों में जाकर लाखों रुपये का खर्च उठाना पड़ता था. अल्मोड़ा के जिला अस्पताल में इस सुविधा के मिलने से गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को जहां समय पर इलाज मिल सकेगा, वहीं उन्हें बड़े शहरों की दौड़-भाग और आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें:

