सांगानेर में सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा, 'ऑपरेशन सिंदूर' को बताया वीरता का प्रतीक
सीएम भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया. 'ऑपरेशन सिंदूर' की सराहना की और वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

Published : May 18, 2025 at 10:51 PM IST
जयपुर: मुख्यमंत्री भनलाल शर्मा ने कहा कि देशभर में हमारे वीर सपूत सैनिकों के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है. उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों द्वारा की गई कायराना हरकत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कहा था कि इसका बदला लिया जाएगा. 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट कर आतंकवादियों को मार गिराया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह बात अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान कही.
2014 के बाद देश में आया बदलाव: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने अदम्य साहस दिखाते हुए आतंकी ठिकानों को नष्ट किया. इसी कारण पूरे देश में सेना के सम्मान में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में जो परिवर्तन आया है, उसे सभी ने देखा है. सबसे पहले हमारा देश है, उसका स्वाभिमान और सम्मान सर्वोपरि है, इसलिए हम भारत माता की पूजा करते हैं.
इसे भी पढ़ें- उदयपुर की तिरंगा यात्रा में बोले पंजाब के राज्यपाल कटारिया, पूरी दुनिया को भारत की ताकत का अहसास हुआ
गांव-ढाणी में भी निकाली जा रही तिरंगा यात्राएं: सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां भारती का गौरव बढ़ा रहे हैं. उन्होंने बताया कि हमारी सेना और वीर सैनिकों के सम्मान में गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और घर-घर से तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं. उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि सभी लोग इसमें सम्मिलित होकर देशभक्ति का परिचय दें. मुख्यमंत्री ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को सांगानेर के सांगा बाबा सर्किल पर पुष्पांजलि अर्पित की.
तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा से किया स्वागत: मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा सांगा बाबा सर्किल से रवाना होकर सांगानेर मेन मार्केट होते हुए मालपुरा गेट पर संपन्न हुई. इस दौरान देशभक्ति गीतों के बीच हाथों में तिरंगा थामे हर उम्र के लोगों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया. सांगानेर मेन मार्केट में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया.
इसे भी पढ़ें- सूर्यनगरी में वीर जवानों के सम्मान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राठौड़ बोले-पक्ष-विपक्ष दोनों तरफ चाहिए राष्ट्रभक्ति
इस मौके पर कर्नल प्रताप सिंह राठौड़, कमांडर प्रवीण गोस्वामी, महापौर सौम्या गुर्जर, उप महापौर पुनीत कर्णावट, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल, तिरंगा यात्रा संयोजक भूपेंद्र सैनी, सह संयोजक रघुनाथ नरेड़ी, सुरेश मिश्रा, बिरधीचंद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.

