सूर्यनगरी में वीर जवानों के सम्मान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राठौड़ बोले-पक्ष-विपक्ष दोनों तरफ चाहिए राष्ट्रभक्ति
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तिरंगा यात्रा के दौरान कहा कि पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ राष्ट्रभक्ति होनी चाहिए.


Published : May 18, 2025 at 9:06 PM IST
जोधपुर: भारतीय सेना के अद्भुत साहस और पराक्रम का अद्वितीय परिचय देने वाले 'ऑपरेशन सिंदूर' की अविस्मरणीय सफलता और मां भारती के वीर जवानों के सम्मान में जोधपुर में रविवार को भव्यतम तिरंगा यात्रा निकाली गई. जालोरी गेट पर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत किया. इस दौरान भाजपा के कई नेता मौजूद रहे.
इस मौके पर मदन राठौड़ ने कहा कि हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जो सफलता प्राप्त की है, उसके प्रति उनका मनोबल बढ़ाने के लिए जनता आभार जता रही है. राष्ट्रभक्ति पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ चाहिए. आज सभी इस ओर अग्रसर हैं. ऑपरेशन सिंदूर से सेना ने हमारा मान बढ़ाया है. वहीं केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि देश की सीमा पर खड़े हर प्रहरी के पीछे 140 करोड़ देशवासियों की ताकत खड़ी है. पूरा समाज खड़ा है. आज जो उत्साह जनता में है, वो दर्शाता है कि हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में बड़ा पराक्रम दिखाया है.
तिरंगा यात्रा में भारत माता के गगनचुंबी जोशीले उद्घोष के साथ सभी शौर्य के प्रतीक तिरंगे के साथ शामिल हुए. राष्ट्रप्रेमी भक्तों, समाजसेवियों ने तिरंगा यात्रा के जरिए भारत के वीर सपूतों के साथ सशक्त नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया. भव्यतम गौरवमयी तिरंगा यात्रा में भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर, जोधपुर देहात दक्षिण के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारी संगठन स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों, बड़ी संख्या में युवा-महिला शक्ति एवं आमजन की उपस्थिति ने नए जोश और उत्साह का संचार किया.
ये नेता हुए तिरंगा यात्रा में शामिल: तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, महापौर वनिता सेठ, जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, पूर्व सांसद रामनारायण डूडी, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल शामिल हुए. इनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ ज्योति मिर्धा, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, बीजेपी के जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, देहात दक्षिण के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, जेडीए के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़, उप महापौर किशन लड्ढा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, जिला पदाधिकारी, मण्डल मोर्चा के पदाधिकारी सहित बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ सहभागिता निभाई.

