ETV Bharat / state

'1 घंटे पहले फोन पर बोला- पापा घर आ रहा..' फिर आया पुलिस का कॉल 'आपके घर के तीन लोग..'

गया में इलाज करा कर लौटने के दौरान मालवाहक ऑटो से बाइक की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई.

GAYA ROAD ACCIDENT
गयाजी में सड़क हादसे में तीन की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 12, 2025 at 10:12 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गया: बिहार के गयाजी में सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल है. सभी अपाचे बाइक पर सवार होकर घर को लौट रहे थे. इसी दौरान एक मालवाहक ऑटो से बाइक की सीधी टक्कर हो गई. इस घटना में बाइक पर सवार दो महिलाओं और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

गयाजी में सड़क हादसे में तीन की मौत : यह घटना गयाजी के मोहनपुर थाना अंतर्गत कुलाही गांव के पास घटी. जानकारी के अनुसार मोहनपुर थाना क्षेत्र के वनकट मंझौलिया का रहने वाला निखिल कुमार अपनी चाची और दादी को इलाज कराने के लिए बोधगया ले गया था. बोधगया में डॉक्टर के यहां इलाज कराने के बाद बाइक से वापस अपने घर को लौट रहा था.

GAYA ROAD ACCIDENT
मालवाहक ऑटो से बाइक की टक्कर (ETV Bharat)

चाची दादी को अस्पताल लेकर गया था युवक: बोधगया से लौटने के क्रम में मोहनपुर थाना अंतर्गत कुलाही गांव के समीप एक मालवाहक ऑटो से बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई. इस घटना में बाइक सवार दोनों महिला और ड्राइविंग कर रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, मालवाहक टेंपो भी पलटी खा गया, जिससे उसका चालक घायल बताया जाता है. पुलिस ने फोन कर घरवालों को घटना की सूचना दी.

परिजनों में मचा कोहराम: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हादसे में मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया. वहीं, गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा है. मृतक निखिल कुमार के पिता शोभी दास ने बताया कि सुबह में मेरा पुत्र चाची रिंकू देवी और दादी तारा देवी को इलाज के लिए बोधगया लेकर गया था. अपाचे बाइक से सभी बोधगया डॉक्टर के यहां गए थे. बोधगया से वापस लौटने के दौरान यह घटना घटित हुई.

"जिस वक्त घटना घटी, उससे करीब 1 घंटे पहले उसने फोन कर बताया था, कि वह बोधगया से अपने गांव को लौट रहा है. वह गांव को नहीं लौटा, वह हम सभी को छोड़कर चला गया. मृतकों में मेरा पुत्र निखिल कुमार 20 वर्ष के अलावा रिंकू देवी 35 वर्ष और तारा देवी 60 वर्ष शामिल हैं."- शोभी दास, मृतक युवक के पिता

GAYA ROAD ACCIDENT
चाची दादी को अस्पताल लेकर गया था युवक (ETV Bharat)

घटना के बाद सड़क जाम : वहीं, तीन लोगों की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने बोधगया- मोहनपुर सड़क को जाम कर दिया. घटना की जानकारी होते ही मोहनपुर थाना अध्यक्ष संजय कुमार और मोहनपुर सीओ रंजीत कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस- प्रशासन के द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाया गया और मुआवजे का आश्वासन दिया गया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम हटाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है.

"बोधगया से लौटने के क्रम में एक अपाचे बाइक मालवाहक ऑटो से जबरदस्त तरीके से टकरा गई. इस घटना में अपाचे बाइक पर सवार रहे तीनों लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में दो महिलाएं और बाइक चला रहा युवक शामिल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अग्रतर कार्रवाई कर रही है."- संजय कुमार, थानाध्यक्ष मोहनपुर

ये भी पढ़ें

नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसा, महिला समेत 4 लोगों की मौत

बिहार में बड़ा हादसा, ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत

आरा बक्सर हाइवे पर ट्रक और कार की टक्कर में दरोगा की मौत, बकरीद पर कुर्बानी देने जा रहे थे गांव