बिहार में तीन सिलेंडर ब्लास्ट.. आधा दर्जनभर लोग झुलसे, चार दुकानें जलकर राख
बेतिया तीन गैस सिलेंडर विस्फोट से भीषण अगलगी घटना सामने आई है. चार दुकानें जलकर राख, आधा दर्जनभर लोग घायल. देखें वीडियो.

Published : October 13, 2025 at 2:06 PM IST
बेतिया:बिहार के बेतिया के मझौलिया में एक भयानक हादसा सामने आया है, जहां एक मिठाई की दुकान में एक साथ तीन गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई. यह घटना मझौलिया चीनी मिल के ठीक सामने पुराने पोस्ट ऑफिस के पास हुई. आग की लपटों ने देखते ही देखते चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई.
कैसे लगी आग?: जानकारी के अनुसार, आशीष मिष्ठान भंडार में मिठाई बनाने के दौरान अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि पास की अन्य दुकानों तक पहुंच गई. इस दौरान एक के बाद एक तीन गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
चार दुकानें जलकर राख: इस भीषण आग में आशीष मिष्ठान भंडार के साथ-साथ सोनू अंडा दुकान, रहमतुल्लाह का सैलून और एक अन्य दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई. विस्फोट और आग की वजह से लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया. आग की लपटें इतनी तेज थी कि कोई भी नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था.

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू: सूचना मिलते ही मझौलिया थाना की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान चीनी मिल के सेफ्टी अफसर गोविंद चौधरी, जितेंद्र साह और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर दुकानों में रखे तीन अन्य सिलेंडरों को बाहर निकाला, जिससे स्थिति और बेकाबू होने से बच गई.

हादसे में कई लोग घायल: विस्फोट और अफरा-तफरी के बीच दर्जनभर लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
जांच में जुटी पुलिस: इस घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर के रिसाव को आग लगने का कारण माना जा रहा है. स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें-दुर्गा पूजा के दौरान बिहार में बड़ा हादसा, दीया से बैंक अधिकारी के घर लगी भयानक आग, 5 झुलसे

