बिहार में गजब की चोरी! ताला तोड़ा, गोदाम से ट्रक में लोड किए 163 सिलेंडर.. जानें फिर क्या हुआ
मोतिहारी में चोरों ने गोदाम से लाखों के गैस सिलेंडरों पर हाथ साफ किया है. लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है.

Published : August 7, 2025 at 12:05 PM IST
मोतिहारी: बिहार में चोरों के हौसले बुलंद हैं. रोज चोरी और डकैती की घटनाएं सामने आती रहती हैं. इसी क्रम में चोरों ने एक गैस गोदाम में धावा बोलकर 163 भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर लिए हैं. चोरी हुए गैस सिलेंडरों की कीमत लाखों रुपए में है.
गोदाम से गैस सिलेंडर चोरी: दरअसल चोर रात में गैस गोदाम में दाखिल हुए और फिर गोदाम का ताला काटा. इसके बाद 163 गैस सिलेंडर चोरी करके फरार हो गए. सुबह जब गैस एजेंसी की मालकिन रिंकी कुमारी के पति टहलने के लिए निकले तो उन्होंने गोदाम का ताला टूटा हुआ पाया.
सड़क पर मिले 35 सिलेंडर: गोदाम का ताला टूटा मिलने के बाद गैस एजेंसी की मालकिन रिंकी कुमारी के पति के होश उड़ गए. उन्होंने भीतर जाकर देखा तो गोदाम से 198 गैस सिलेंडर गायब थे. हालांकि बाद में सड़क किनारे 35 सिलेंडर बरामद किए गए, लेकिन बाकी सिलेंडरों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: चोरी के संबंध में चकिया थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम की जांच की. चकिया पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की पहचान में जुट गई है.

''हमारे गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने रात में सिलेंडर चुरा लिए हैं. लाखों रुपए का नुकसान हुआ है. कुछ सिलेंडर सड़क किनारे मिले हैं. हमें उम्मीद है कि पुलिस जल्द चोरों को पकड़ लेगी''.-रिंकी कुमारी, गैस एजेंसी की मालकिन
संदिग्ध व्यक्ति की पुलिस को दें सूचना: चोरी की इस घटना ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कई लोगों ने इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति संदिग्ध लगता है तो इस संबंध में थाना को तुरंत सूचना दें.

''गोदाम से 198 गैस सिलेंडर गायब थे. हालांकि बाद में सड़क किनारे 35 सिलेंडर बरामद किए गए, लेकिन बाकी सिलेंडरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है. सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा''. -प्रभारी प्रवीण कुमार पांडे, चकिया थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें-

