ETV Bharat / state

रांची के वीआईपी इलाके में चोरी, बंद घर से 30 लाख के गहने उड़ा ले गए चोर

रांची की पॉश कॉलोनी में चोरी की वारदात हुई है. चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया है.

Theft In Ranchi
घर में चोरी के बाद खाली पड़े गहने के डिब्बे. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 8, 2025 at 4:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएमपीडीआई कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात हुई है. एक बंद घर से चोरों ने 30 लाख रुपये से ज्यादा के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बेहद सुरक्षित मानी जाती है सीएमपीडीआई कॉलोनी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीएमपीडीआई कॉलोनी स्थित सीएमपीडीआई के एचआरडी डिपार्टमेंट में कार्यरत रानी कुमारी के घर में चोरी की वारदात हुई है. चोरों ने घर से 30 लाख के गहने और 75 हजार रुपये नगद चोरी कर ली है. चोरी की वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब पूरा परिवार शादी समारोह में भाग लेने के लिए गिरिडीह गया हुआ था. गिरिडीह में रहने के दौरान ही घर की नौकरानी के माध्यम से रानी कुमारी को यह पता चला कि घर में चोरी हुई है. जिसके बाद पूरा परिवार भागे-भागे रांची पहुंचा और मामले की जानकारी गोंदा थाना पुलिस को दी गई.

शिकायत मिलने के बाद थाने में एफआईआर दर्ज

सीएमपीडीआई के एचआरडी डिपार्टमेंट में कार्यरत रानी कुमारी चोरी की वारदात से सदमे में है. मामले को लेकर रानी कुमारी ने गोंदा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है. थाने में दिए गए आवेदन में रानी कुमारी ने बताया है कि उनका पूरा परिवार शादी समारोह में भाग लेने के लिए छह मई को गिरीडीह गया था. सात मई की शाम उनकी नौकरानी ने फोन कर बताया कि घर के सभी दरवाजे खुले हुए हैं, लगता है घर में चोरी हुई है. जब रानी कुमारी घर पहुंची तो देखा कि घर में रखे सारे गहने और नगद गायब थे. रानी कुमारी के अनुसार चोरी गए गहनों में चार मंगलसूत्र जिसमें एक हीरे का था, इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी, कंगन, मंग टिका, नथ, हीरे का नोजपिन और सोने के लॉकेट जैसे गहने हैं.

Theft In Ranchi
घर में चोरी के बाद अलमारी में बिखरा पड़ा सामान. (फोटो-ईटीवी भारत)

ताला भी उड़ा ले गए चोर

रानी कुमारी के घर में चोरों ने कब और कैसे चोरी की वारदात को अंजाम दिया इसकी जांच पुलिस कर रही है. लेकिन सबसे हैरानी की बात यह है कि घर के बाहर और अंदर लगे सभी ताले भी गायब हैं. ऐसे में चोरों ने उन्हें खोला था या तोड़ा था यह पता नहीं चल पाया है.

पुलिस जांच में जुटी

रांची का सीएमपीडीआई कॉलोनी बेहद सुरक्षित कॉलोनी है. हर तरफ दिन भर गार्ड का पहरा रहता है. ऐसे में चोरी की वारदात कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है. वहीं मामले को लेकर गोंदा थाना प्रभारी अभय सिन्हा ने बताया की चोरी के मामले की जांच की जा रही है. ऐसा लगता है चोरी की वारदात को छह मई को ही अंजाम दिया गया है.

ये भी पढ़ें-

न ताला टूटा न दरवाजा, फिर भी घर से गायब हो गए 32 लाख कैश और कीमती गहने

रांची में चोरों का उत्पात, अपार्टमेंट के चार फ्लैट्स का ताला तोड़कर उड़ा ले गए लाखों रुपये

सावधान! सूट-बूट में आपके बगल में बैठा शख्स हो सकता है चोर, रांची में धड़ल्ले से वारदात को दे रहे अंजाम

सास की साजिश के चक्कर में दामाद भी पहुंचा हवालात, दिल्ली तक पुलिस ने किया पीछा

सीसीएल के ऑफिस में सेंधमारी, लोहा नहीं इस कीमती सामान को ले उड़े चोर