ETV Bharat / state

'जो मेरी बहन का अपमान करेगा, उसपर सुदर्शन चक्र चलेगा', रोहिणी आचार्य के बयान पर बवाल

तेज प्रताप यादव धमकी देते हुए कहा कि जो मेरी बहन का अपमान करेगा, उसपर सुदर्शन चक्र चलेगा, जानें क्या है पूरा मामला.

Rohini Acharya's post sparks uproar
तेज प्रताप यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 20, 2025 at 6:26 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर बिहार की राजनीतिक में घमासान मच गया है. चर्चा है कि तेज प्रताप यादव के बाद अब रोहिणी आचार्य भी अपने परिवार से नाराज चल रही है. इस सब के बीच तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव का नाम उछल कर सामने आ रहा है. इसी बीच तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है.

'सुदर्शन चक्र चलेगा': तेज प्रताप यादव ने धमकी भरे शब्दों में कहा कि जो उनकी बहन का अपमान करेगा, उसपर सुदर्शन चक्र चलाया जाएगा. तेज प्रताप ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि रोहिणी आचार्य ने एक सराहनीय काम (पिता को किडनी दान) किया है. शायद ही कोई बेटी या मां ऐसा कर सकती है.

"रोहिणी आचार्य सभी महिलाओं के लिए पूजनीय हैं. इनकी चर्चा हमेशा की जाएगी. इनका नाम इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाएगा." -तेज प्रताप यादव

संजय यादव को लेकर बवाल: दरअसल, मामला तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा से जुड़ा है. यात्रा के दौरान गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर जमकर वायरल हुई. अधिकार यात्रा रथ (बस) में तेजस्वी यादव की सीट पर संजय यादव बैठे नजर आए. सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर ने इस तस्वीर को शेयर किया. इसपर यूजर ने आपत्ती जताते हुए कहा कि फ्रंट सीट सिर्फ शीर्ष नेता के लिए होता है, यह मंजूर नहीं है

रोहिणी का पोस्ट: इस पोस्ट के बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक पोस्ट किया, जिसमें अधिकार यात्रा रथ में फ्रंट सीट पर दो और नेता बैठे नजर आए. रोहिणी तस्वीर शेयर करते हुए लिखती हैं कि 'वंचितों व समाज के आखिरी पायदान पर खड़े वर्ग-समूह को आगे लाना ही राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय लालू यादव जी के सामजिक-आर्थिक न्याय के अभियान का मूल मकसद रहा है, इन तस्वीरों में समाज के इन्हीं तबके से आने वालों को आगे बैठे देखना सुखद अनुभूति है.'

Rohini Acharya's post sparks uproar
रोहिणी आचार्य का पोस्ट (ETV Bharat)

हालांकि उन्होंने संजय यादव वाली तस्वीर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. जिस पोस्ट में संजय यादव पर निशाना साधा गया है, उसे फेसबुक पर सिर्फ शेयर किया है, लेकिन कुछ लिखा नहीं. इसे शेयर करने के बाद ही उन्होंने दो अन्य नेता की तस्वीर शेयर जरूर की.

बीजेपी का निशाना: बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित मालवीय भी संजय यादव की तस्वीर शेयर करते हुए लिखते हैं कि लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य अपने भाई तेजस्वी यादव के करीबी और राज्यसभा सांसद संजय यादव को किसी और का पोस्ट शेयर करके उनकी ‘उचित जगह’ दिखा रही हैं.

"यह न केवल परिवार में कलह की निशानी है, बल्कि इसका उत्कृष्ट उदाहरण भी है कि सामाजिक न्याय सिर्फ परिवार की देहरी पर ही दम तोड़ देता है. लेकिन क्या सचमुच संजय यादव ही लालू परिवार के आपसी झगड़ों का कारण हैं? बड़े भैया तेज प्रताप को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया." -अमित मालवीय, बीजेपी के वरिष्ठ नेता

रोहिणी का दिखा दर्द: विवाद यहीं नहीं थमा. तस्वीर पोस्ट होने के बाद अगले दिन रोहिणी आचार्य ने एक वीडियो और पोस्ट की, जिसमें वे अस्पताल में स्ट्रेचर पर लेटी नजर आ रही है. यह वीडियो उस समय की है जब सिंगापुर में रोहिणी ने पिता को किडनी दान की थी. पोस्ट से ऐसा लग रहा है कि रोहिणी आचार्य नाराज चल रही हैं.

वीडियो शेयर करते हुए रोहिणी ने लिखा 'जो जान हथेली पर रखते हुए बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने का जज्बा रखते हैं , बेखौफी, बेबाकी, खुद्दारी तो उनके लहू में बहती है. मैंने एक बेटी और बहन के तौर पर अपना कर्तव्य एवं धर्म निभाया है. आगे भी निभाती रहूंगी , मुझे किसी पद की लालसा नहीं है, न मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा है, मेरे लिए मेरा आत्म सम्मान सर्वोपरि है.'

क्या रोहिणी को नहीं मिलेगा टिकट?: इस पोस्ट पर कई यूजर ने कमेंट किया कि शायद इसबार रोहिणी आचार्य को बिहार चुनाव में राजद की ओर से टिकट नहीं मिल रहा है. यूजर संजय यादव की भी चर्चा कर रहे हैं. कह रहे हैं कि ये परिवार के एक-एक सदस्य को अलग कर रहे हैं. परिवार से निष्कासित होने के बाद तेज प्रताप यादव ने भी कुछ जयचंद की चर्चा की थी. कहा था कि इन्हीं लोगों के कारण उन्हें परिवार और पार्टी से निष्कासित किया गया.

ये भी पढ़ें: