ETV Bharat / state

दिल्ली में हर माह 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए नई इमारतें भी बनाई जा रही, दिल्ली वालों को घर के पास ही मिलेगी इलाज की सुविधा

हर माह 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
हर माह 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : August 29, 2025 at 8:41 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का मार्च 2026 तक का लक्ष्य पूरा करने की दिशा में प्रयास कर रही है. इसी क्रम में अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि उनकी सरकार ने राजधानी के विभिन्न इलाकों में हर माह 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य रखा है, ताकि आमजन को घरों के आसपास ही समुचित प्राथमिक इलाज मिल सके. सरकार चाहती है कि मरीजों का तेजी से इलाज हो और सरकारी अस्तपालों में दबाव कम हो.

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि सरकार ने तय क्षेत्रफल से अधिक में भी आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का निर्णय लिया है, ताकि किसी इमरजेंसी के दौरान इनका उपयोग किया जाए सके. आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण और उनके उद्घाटन को लेकर मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की. इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अलावा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

आरोग्य मंदिरों में दी जा रही नियुक्ति को भी प्राथमिकता:

बैठक के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि वैसे तो आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण के लिए 100 गज जमीन ही काफी है. लेकिन उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इससे भी बड़े साइज की सरकारी जमीनों को चिन्हित करें और वहां इनका निर्माण करें. उन्होंने कहा कि बड़े आकार के आरोग्य मंदिरों में बड़े हॉल आदि बनाए जाएं, ताकि इमरजेंसी के हालात वहां बेड आदि की व्यवस्था की जा सके. उन्होंने कहा कि बड़े आकार के बनने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पार्किंग आदि की व्यवस्था भी की जा सकेगा. साथ ही इन केंद्रों के लिए बड़े स्तर पर नई इमारतें भी बनाई जा रही है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिस तेज गति से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण चल रहा है, उसके आधार पर हमारी सरकार ने हर माह लगभग 100 आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है. सरकार के विभिन्न विभाग इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए साथ-साथ मेडिकल व नॉन मेडिकल उपकरणों व अन्य सामान की भी खरीदारी कर रहे हैं, ताकि इनके उद्धाटन के बाद किसी भी प्रकार की अड़चन पैदा न हो. संबंधित स्टाफ की नियुक्ति को भी प्राथमिकता दी जा रही है.

मुख्यमंत्री ने राजधानी में इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के परिचालन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद दिया और बताया कि दिल्ली सरकार को इस मद में केंद्र सरकार से 2400 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, इसलिए इन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण व परिचालन मे किसी प्रकार की समस्या नहीं आने वाली. उन्होंने का कि इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था का इतना आधुनिक सेटअप रखा जा रहा है कि लोगों को सामान्य व मौसमी बीमारियों के लिए अस्पतालों में न जाना पड़े.

आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध कराई जा रही 12 तरह की समग्र स्वास्थ्य सेवाएं:

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली मे संचालित हो रहे 67 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और नए आरोग्य मंदिरों में 12 प्रकार की समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें मानसिक स्वास्थ्य और बुजुर्गों के लिए उपशामक देखभाल भी शामिल हैं. इसके साथ ही अब इन मंदिरों में इन-हाउस लैब टेस्ट भी किए जाएंगे.

इन आरोग्य सेवा केंद्रों में प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं इस प्रकार हैं, जैसे गर्भावस्था एवं प्रसव सेवाएं, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, किशोर स्वास्थ्य देखभाल, परिवार नियोजन, सामान्य संक्रामक रोगों की रोकथाम और उपचार, असंक्रामक रोगों की पहचान और प्रबंधन, नेत्र एवं ईएनटी समस्याओं की देखभाल, मौखिक स्वास्थ्य सेवाएं, वृद्धजनों की देखभाल, जीवन के अंतिम चरण की देखभाल, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) समस्याओं की स्क्रीनिंग और प्राथमिक उपचार शामिल हैं.

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इन केंद्रों पर एक डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, सहायक नर्स/दाई, प्रयोगशाला तकनीशियन, टीबी प्रबंधन विशेषज्ञ (डॉट्स), डाटा ऑपरेटर और मल्टी-पर्पज़ सहायक कर्मचारी की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए है. इन केंद्रों में आवश्यक फर्नीचर के साथ भरपूर दवाइयों का भंडारण, आधुनिक प्रयोगशालाएं और साफ-सुथरे शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के अनुसार, आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता के विश्वास और स्वास्थ्य की नई पहचान बन रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति इन केंद्रों में आए, तो वह यह भरोसा लेकर लौटे कि उसे न केवल सही उपचार मिलेगा.

ये भी पढ़ें:

  1. दिल्ली में सितंबर तक 100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करने की योजना, जानें क्या कहा सीएम ने
  2. दिल्ली को आज मिलेंगे 34 नए 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर', अब इलाज होगा डिजिटल और पेपरलेस
  3. दिल्ली सरकार की नई सौगात आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जानिए क्या है इसमें खास ?