ETV Bharat / state

पश्चिम सिंहभूम में सुरक्षा बलों ने ध्वस्त किया नक्सली डंप, हथियार और गोला-बारूद बरामद

नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पश्चिम सिंहभूम में नक्सली डंप ध्वस्त किया गया है.

Forces Demolished Naxalite Dump
पश्चिम सिंहभूम में नक्सली डंप से बरामद सामान. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : March 31, 2025 at 8:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन के दौरान टोन्टो थाना क्षेत्र के वनग्राम दिरीबुरू के समीप जंगल पहाड़ी क्षेत्र में एक नक्सल डंप को सुरक्षा बलों के द्वारा ध्वस्त किया गया है. मौके से सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया. इसकी पुष्टि पश्चिम सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने की है.

नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान में सफलता

एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र के सारंडा जंगल में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है. सूचना मिलने के बाद चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 बटालियन, 209 बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ की 26 बटालियन, 60 बटालियन, 134 बटालियन, 174 बटालियन, 193 बटालियन, 197 बटालियन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा था.

नक्सली डंप से ये सामान बरामद

इसी क्रम में सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि नक्सलियों के हथियार और गोला-बारूद जंगली पहाड़ी क्षेत्र ने कही छुपाकर रखे गए हैं. जानकारी मिलने के बाद 29 मार्च से लगातार टोन्टो थाना क्षेत्र के वनग्राम सरजामबुरू, दिरीबुरू के आसपास जंगल पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया था. इस क्रम में सोमवार को एक नक्सल डंप को सुरक्षा बलों के द्वारा ध्वस्त किया गया. साथ ही उक्त नक्सल डंप से एक 7.62 एलएमजी की मैगजीन, 75 पीस वेल्डिंग रॉड, 4 पीस सिरिंज, एक बंडल वेल्क्रो, एक कटर, एक साइकिल फ्रेम, 7 पीस बोतल (थर्मल), 3 बोतल पोटेशियम परमैग्नाइट, पोटेशियम क्लोराइड-12 बोतल, एथिलीन डायमाइन 11 बोतल और अन्य दैनिक उपयोग के सामान जब्त किए गए हैं.

गौरतलब हो कि वर्ष 2022 से लगातार गोइलकेरा थानान्तर्गत ग्राम कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय, लेमसाडीह के सीमावर्ती क्षेत्र और टोन्टो थानान्तर्गत ग्राम हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू, लुईया के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चल रहा है.