ETV Bharat / state

पटना में निजी स्कूल के हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

पटना के धनरूआ हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. पढ़ें पूरी खबर

हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 12, 2025 at 2:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र के पभेड़ी मोड़ स्थित नंदननगर के निजी स्कूल में रविवार को हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वहीं हॉस्टल के दो छात्र भी बीमार पड़ गए हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. स्कूल प्रबंधन फरार है. पुलिस केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

हॉस्टल में मिला छात्र की मौत: मृत छात्र की पहचान सूरज कुमार पिता शुरन कुमार विजयपुरा गढ़ के रूप में हुई है. वह स्कूल परिसर में बने छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

धनरूआ थाना
धनरूआ थाना (ETV Bharat)

रक्षाबंधन के दिन फोन पर हुई थी बात: परिजनों के अनुसार सूरज पिछले चार वर्षों से इसी स्कूल में रहकर पढ़ाई करता था. रक्षाबंधन के दिन उसकी आखिरी बार परिवार से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने सब कुछ ठीक होने की जानकारी दी थी, लेकिन रविवार को अचानक स्कूल के हेडमास्टर द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि सूरज की तबीयत बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है.

हॉस्टल प्रबंधन पर हत्या का आरोप: आनन फानन में जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो सूरज मृत अवस्था में मिला. आरोप है कि शव को लावारिस हाल में अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया. इस घटना से गुस्साए परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और हत्या का आरोप लगाया है.

"मेरे बेटे की हत्या की गई है. यह सामान्य मौत नहीं है. स्कूल प्रबंधन सच्चाई छुपा रहा है. स्कूल संचालक प्रमोद कुमार यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए." -शुरन कुमार, पिता

हॉस्टल में दो छात्र बीमार: हॉस्टल में बच्चे की मौत से स्कूल में हड़कंप मच गया है. वहीं हॉस्टल में रहने वाले दो और छात्रों नीरज कुमार (कक्षा 4) और सोनी प्रिया (कक्षा 1) की तबीयत भी बिगड़ी है. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस कर रही मामले की छानबीन: इधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. परिवार की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.

"मामले की छानबीन की जा रही है. परिजनों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है. पूरी पड़ताल की जा रही है स्कूल संचालक ताला बंद कर फरार हैं." -शुभेंदु कुमार, थानाध्यक्ष धनरूआ

ये भी पढ़ें