गढ़वा में किसानों ने शुरू की स्ट्रॉबेरी की खेती, सालाना लाखों में हो रही कमाई
गढ़वा में स्ट्रॉबेरी की खेती की ओर किसानों का रुझान बढ़ा है. खेतों में लाल-लाल स्ट्रॉबेरी देखकर किसानों के चेहरे खिल गए हैं.

Published : March 18, 2025 at 4:43 PM IST
गढ़वाः जिले के किसान अब परंपरागत खेती से बाहर निकलकर नई-नई फसलों की खेती कर अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं. इस क्रम में जिले के कुछ किसानों ने स्ट्रॉबेरी की खेती की है. हिमाचल प्रदेश की तरह झारखंड के गढ़वा में भी बालू युक्त दोमट मिट्टी होने के कारण यह खेती किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है.
स्ट्रॉबेरी की खेती के ओर बढ़ा किसानों का रुझान
गढ़वा सदर प्रखंड की बीरबन्धा पंचायत क्षेत्र के किसान सहेंद्र और प्रीतम ने परंपरागत खेती को छोड़ अपनी बंजर भूमि में स्ट्रॉबेरी की खेती की है. कुल 10 एकड़ भूमि में पांच लोगों के साथ मिलकर फल और सब्जियों की खेती कर आज सालाना लाखों रुपये की आमदनी कर रहे हैं, लेकिन इसमें सबसे महत्वपूर्ण स्ट्रॉबेरी की खेती है. स्ट्रॉबेरी की खेती की शुरुआत सितंबर से होती है जो मार्च अंत तक की जा सकती है. क्षेत्र के कई किसान आज स्ट्रॉबेरी की खेती कर खुशहाल बन रहे हैं. ये करिश्मा जिला कृषि विभाग के जागरुकता अभियान के कारण हुआ है.
बीरबन्धा पंचायत के किसान सहेंद्र कहते हैं कि उन्होंने इस वर्ष स्ट्रॉबेरी की खेती की है, लेकिन थोड़ा पिछड़ गए. अगले वर्ष पहले खेती की शुरुआत कर देंगे, ताकि स्ट्रॉबेरी की खेती से ज्यादा फायदा मिल सके. उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से सुविधा मुहैया करायी जा रही है. आगे हमलोग एक समूह बनाकर इस खेती को वृहत स्तर पर करेंगे.
गढ़वा में चार माह हो सकती है स्ट्रॉबेरी की खेती
गढ़वा जिले में किसानों को स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए जिला कृषि विभाग प्रेरित कर रहा है. इसका परिणाम है कि आज बीरबन्धा गांव में किसान परंपरागत कृषि को छोड़ अब नई तरह की खेती कर रहे हैं.
सरकार उपलब्ध करा रही सुविधाएंः बीटीएम
इस संबंध में प्रखंड के कृषि तकनीकी प्रबंधक अजय साहू ने कहा कि हिमाचल की तरह यहां भी दोमट मिट्टी है. हालांकि हिमाचल में तो सालोंभर स्ट्रॉबेरी की खेती होती है, लेकिन गढ़वा में किसान चार माह तक स्ट्रॉबेरी की खेती कर सकते हैं. स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए सरकार द्वारा कई तरह की सुविधा दी जा रही है. जिसका लाभ उठाकर क्षेत्र के किसान आगे बढ़ रहे हैं.
किसानों को समृद्ध बना सकती है स्ट्रॉबेरी की खेती
गढ़वा में स्ट्रॉबेरी की खेती न केवल किसानों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी हो सकती है, बल्कि यह क्षेत्रीय कृषि को भी समृद्ध बना सकती है. इस खेती को बढ़ावा देने से किसानों को नए आय स्रोत मिल सकते हैं और कृषि क्षेत्र में नए अवसर खुल सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
लातेहार के किसान ने किया कमाल, बंजर जमीन पर लहलहाने लगी स्ट्रॉबेरी की फसल
मार्गदर्शन और मेहनत का कमाल, बंजर भूमि पर उगे स्ट्रॉबेरी के फूल!
देवघर के किसान इजराइल से ट्रेनिंग लेकर कर रहे हैं स्ट्रॉबेरी की खेती, हो रही अच्छी कमाई

