लातेहार का ललमटिया डैम सी श्रेणी का पर्यटन स्थल घोषित, बढ़ी रोजगार की संभावनाएं
लातेहार के ललमटिया डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. सरकार ने डैम को सी श्रेणी का पर्यटन स्थल घोषित किया है.

Published : July 13, 2025 at 8:00 PM IST
लातेहार: जिला मुख्यालय स्थित ललमटिया डैम को सरकार ने सी श्रेणी का पर्यटन स्थल घोषित कर दिया है. पर्यटन स्थल घोषित होने के बाद यहां पर्यटन के साथ-साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं. पूर्व डीसी अबु इमरान के द्वारा ललमटिया डैम के आसपास के इलाके में पर्यटन सुविधा बहाल कर छुपे हुए इस स्वर्ग को प्रकाश में लाया गया था. यह जिला मुख्यालय के पास एकमात्र बेहतरीन और आकर्षक स्थान है.
दरअसल, लातेहार जिला मुख्यालय के पास एक भी ऐसा स्थान नहीं था जहां लोग अपने परिवार के साथ जाकर घूम सकें. इस कमी को खत्म करने के लिए लातेहार के पूर्व डीसी अबु इमरान ने ललमटिया डैम को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की थी और उस पर बेहतरीन ढंग से काम भी किया था. उनके कुशल नेतृत्व में ललमटिया डैम के आसपास के क्षेत्र को खूबसूरती के साथ निखारा गया था. जब तक आईएएस अधिकारी अबु इमरान लातेहार के डीसी के रूप में कार्यरत रहे, तब तक यह स्थान पर्यटन के मामले में काफी चर्चित रहा.
अब बदहाल हुई व्यवस्था
डीसी अबु इमरान के तबादले के बाद यहां की बदहाली आरंभ हो गई. प्रशासनिक उदासीनता का आलम यह रहा कि ललमटिया डैम से सुरक्षा कर्मियों को भी हटा लिया गया. धीरे-धीरे यहां लगाई गई सोलर लाइट और अन्य पर्यटन सुविधा से संबंधित वस्तुएं चोरी होने लगी. धीरे-धीरे यह पूरा इलाका बदहाल हो गया और पर्यटकों का आना-जाना भी बिल्कुल खत्म हो गया.
वहीं ललमटिया डैम के बगल में बनाए गए चिल्ड्रन पार्क से भी सारे सामानों की चोरी हो गई. अर्थात जिस स्थान पर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती थी, वहां अब सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है. इस कारण लोगों का आना-जाना भी बिल्कुल कम हो गया. स्थानीय लोगों की मानें तो पूर्व में जब यहां डीसी के रूप में अबु इमरान कार्यरत थे तो यहां चारों ओर चहल-पहल रहती थी. लेकिन अब यहां सन्नाटा पसरा रहता है. लोगों ने कहा कि यदि इस इलाके को फिर से विकसित किया जाएगा तो यहां फिर से पर्यटकों का आना-जाना आरंभ हो जाएगा. जिससे पर्यटन के साथ-साथ छोटे-मोटे रोजगार के साधन भी विकसित होंगे.

सी श्रेणी का पर्यटन स्थल हुआ घोषित
इधर, इस संबंध में लातेहार जिला पर्यटन पदाधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि ललमटिया डैम को पर्यटन विभाग के द्वारा सी श्रेणी का पर्यटन स्थल घोषित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि सी श्रेणी का पर्यटन स्थल घोषित किए जाने के बाद यहां जिला स्तर से पर्यटन की सुविधा बहाल की जा सकेगी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस इलाके को और बेहतर बनाया जाए. उन्होंने बताया कि चरका डैम और कोमो-उदयपुरा के जंगल के इलाके को भी पर्यटन विभाग के द्वारा डी श्रेणी के पर्यटन स्थल घोषित किया गया है.
ये भी पढ़ें-
मंत्री के साथ गिरिडीह के वाटरफॉल खंडोली पहुंचीं मुख्य सचिव, कहा- इको टूरिज्म की असीम संभावना
प्रकृति की गोद में है गढ़वा का खजूरी जलाशय, पर्यटन की है अपार संभावना
नेतरहाट की खूबसूरती को देखकर गदगद हुए राज्यपाल, कहा नेतरहाट में पर्यटन की असीम संभावनाएं

