ETV Bharat / state

अखिलेश यादव बोले- आजम खान पर झूठे मुकदमे दर्ज हुए, सपा की सरकार आते ही रद्द होंगे सभी केस

रामपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 55 मिनट तक आजम से की बात, मीडिया से आजम बोले- बहुत से काम आपने खराब कर दिए.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात (Photo Credit; Azam Khan Media Cell)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : October 8, 2025 at 11:58 AM IST

|

Updated : October 8, 2025 at 3:50 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

रामपुर : पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मिलने के रामपुर पहुंचे. उनका हेलीकॉप्टर जौहर यूनिवर्सिटी में उतरा. इसके बाद वह वाहनों के काफिले के साथ आजम खान के घर पहुंचे. आजम खान घर के गेट पर अखिलेश यादव के स्वागत के लिए खड़े मिले. जैसे ही अखिलेश यादव पहुंचे, आजम खान घर के भीतर ले गए. घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है. भारी पुलिस बल तैनात रहा.

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोपहर लगभग 1 बजे आजम खान के आवास पर पहुंचे. आजम खान की और अखिलेश यादव की 2:55 बजे तक गुफ्तगू चलती रही. इसके बाद दोपहर 3 बजे अखिलेश यादव ने मीडिया से बात की. इसके बाद वह आजम खान के साथ उनकी कार में बैठकर जौहर यूनिवर्सिटी के लिए रवाना हो गए. वहां से वह हेलीकॉप्टर से बरेली पहुंचे. वहां से फिर लखनऊ रवाना हो गए. बरेली एयरपोर्ट पर सपा मुखिया ने पार्टी के नेताओं से मुलाकात की.

राम में आजम से मिले अखिलेश यादव. (Video Credit; ETV Bharat)

'आजम पुराने नेता, उनकी बात ही कुछ और' : अखिलेश यादव ने कहा कि 'मैंने आज आजम खान के साथ बैठकर उनका हालचाल लिया. आजम पुराने नेता हैं. पुराने लोगों की बातें ही कुछ और होती हैं. वे पार्टी की दरख्त हैं. इतनी गहरे जड़े और उतना ही गहरा उनका साया हम लोगों के साथ हमेशा रहा है. ये बड़ी लड़ाई है. हम मिलकर लड़ेंगे, उनका स्वास्थ्य अच्छा हो. उन्हें न्याय मिले'.

'आजम के पूरे परिवार पर लगे झूठे केस' : अखिलेश यादव ने कहा कि शायद देश के इतिहास में, पॉलिटिकल करियर के इतिहास में पता नहीं भारतीय जनता पार्टी कौन सा वल्ड्र रिकॉर्ड बनाना चाहती है, आजम खान पर सबसे ज्यादा केस लगे हैं. उनके ऊपर गलत केस लगे. आजम, उनकी पत्नी और पूरे परिवार पर सरकार ने झूठे मुकदमे लगाए हैं. आजम और उनके परिवार जैसी तकलीफ किसी को भी नहीं पहुंचाई गई.

आजम और अखिलेश यादव की मुलाकात की तस्वीर.
आजम और अखिलेश यादव की मुलाकात की तस्वीर. (Photo Credit; Azam Khan Media Cell)

'साल 2027 में बनेगी सपा की सरकार' : सपा मुखिया ने आगे कहा कि अगर गिनती के हिसाब से हम लोग हिसाब-किताब लगाएं तो हो सकता है गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में भी नाम आ जाए, इस परिवार का. पुराने जो लोग नेता जी के साथ थे, उनकी बात ही अलग होती है. 2027 में पार्टी की सरकार बनने जा रही है. पीडीए की आवाज बुलंद होगी. क्या कोई कल्पना कर सकता है कि सुप्रीम कोर्ट में जज के ऊपर जूता फेंक दिया गया हो.

'पीडीए के लोग अपमानित होते हैं' : अखिलेश यादव ने कहा कि आज मैं आजम खान का हालचाल लेने आया था, क्योंकि मैं जेल नहीं पहुंच पाया था. लगातार हम लोग मिलते भी रहेंगे. पीडीए के लोग कहीं बैठे हों, अपमानित जरूर होते हैं. ये बात मैंने विधानसभा में भी एक बार कही थी. जो पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, मुसलमान भाई, आदिवासी पीडीए परिवार है, वह एक सूत्र में अपनी पीड़ा के कारण बंधा है.

आजम का हाथ पकड़कर घर के अंदर जाते अखिलेश यादव.
आजम का हाथ पकड़कर घर के अंदर जाते अखिलेश यादव. (Photo Credit; ETV BHARAT)

अखिलेश से नाराजगी पर आजम ने कही ये बात : अखिलेश ने कहा कि पीडीए अपमानित महसूस करता है. इस सरकार में वह लगातार अपमानित हो रहा है. इस बीच आजम से नाराजगी के संबंध में सवाल पूछे जाने पर आजम खान ने मीडिया से कहा कि ये सूचना आप लोगों को मिली कहां से कि मैं नाराज हूं. बहुत से काम आपने खराब कर दिए. इसके बाद अखिलेश ने मीडिया कर्मियों से कहा कि आप लोग सब तय कर लेते हैं. आजम खान पर जितने भी मुकदमे लगे हैं, सब वापस होंगे.

आजम से मिले अखिलेश यादव.
आजम से मिले अखिलेश यादव. (Photo Credit; PTI)

अखिलेश का हाथ पकड़कर घर में ले गए आजम : बता दें कि अखिलेश यादव तय कार्यक्रम के तहत रामपुर पहुंचे हैं. उनका हेलीकॉप्टर सबसे पहले जौहर यूनिवर्सिटी में उतरा. यहां से वह वाहनों के काफिले के साथ आजम खान के घर पहुंचे. घर के गेट पर आजम खान अखिलेश यादव को लेने के लिए पहुंचे. वह अखिलेश का हाथ पकड़कर उन्हें घर के भीतर ले गए.

एक दिन पहले आजम ने कहा था- कोई इस घर को खरीद ले : बता दें कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान 23 महीने बाद जेल से रिहा हुए हैं. एक दिन पहले मंगलवार को आजम खान ने मीडिया से कहा था-'अखिलेश यादव जी से मैं मिलूंगा और वह सिर्फ मुझसे मिलेंगे. मेरी सेहत मेरी खैरियत लेने आ रहे हैं और यह मेरा हक भी है. एक ही मुकदमे में 34 लाख का जुर्माना है. आपके माध्यम से दरखास्त कर रहा हूं कोई इस घर को खरीद ले.' आजम खान के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं.

रामपुर में सफाई के साथ सुरक्षा भी कड़ी. (Video Credit; ETV BHARAT)

23 सितंबर को रिहा हुए थे आजम : बता दें कि आजम खान 23 सितंबर को सीतापुर जेल से रिहा हुए थे. आजम अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे. आजम खान सपा सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे. 1989 में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने और श्रम, रोजगार, मुस्लिम वक्फ और हज जैसे विभागों को संभाला. 1993 में वे एक बार फिर राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बने. आजम खान उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे हैं.

जबकि, 2003 से 2007 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में संसदीय मामलों, शहरी विकास, जल आपूर्ति, शहरी रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभागों का कामकाज देखा. 2012 में अखिलेश यादव की सरकार के दौरान आजम खान नगर विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री बने.

बरेली में पार्टी नेताओं से मिले अखिलेश : समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को रामपुर के बाद बरेली एयरपोर्ट पहुंचे. यहां उन्होंने अपने पार्टी के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी से मुलाकात की. बवाल के पीड़ितों की मदद का आश्वासन दिया. समाजवादी पार्टी के विधायक शहजिल इस्लाम ने बताया कि अखिलेश यादव ने पार्टी के लगभग 20 लोगों से एयरपोर्ट पर मुलाकात की.

समाजवादी पार्टी के बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी से कहा कि पीडीए के कार्यक्रमों को जारी रखा जाए. समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह अखिलेश के साथ लखनऊ नहीं गए. आजम खान और रामपुर के सांसद दोनों एक ही पार्टी के हैं, दोनों में कोई नाराजगी नहीं है.


यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव आज पहुंचेंगे रामपुर, आजम खान बोले- मैं तो मुर्गी चोर हूं... जो मिलने आ रहे उनका बड़प्पन है

Last Updated : October 8, 2025 at 3:50 PM IST