कहीं आप भी अपनी गाड़ी में नकली पेट्रोल तो नहीं भरवा रहे.. बिहार में पुलिस का बड़ा खुलासा
हाल के दिनों में मिलावटी चीजों की बाजार में भरमार है. उनमें से एक पेट्रोल भी है. बिहार के सिवान में यह गोरखधंधा चल रहा.

Published : August 2, 2025 at 11:01 AM IST
सिवान: बिहार के सिवान में पुलिस ने नकली पेट्रोल और डीजल बनाने वाला चार टैंकर केमिकल बरामद किए हैं. वहीं तस्कर फरार हो गए हैं.पूरा मामला सराय थाना क्षेत्र का है.
सिवान में नकली पेट्रोल-डीजल बनाने का भंडाफोड़: घटना के संबंध में बताया जाता है कि सिवान शहर के सराय थाना क्षेत्र के हरदिया मोड़ स्थित एक परिसर में अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंची और छापेमारी की. पुलिसिया रेड में नकली पेट्रोल बनाने वाले चार टैंकर सॉल्वेंट केमिकल (पेट्रोल के विकल्प के तौर पर होता है इस्तेमाल) बरामद किया गया है.
गुप्त सूचना पर कार्रवाई: पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि यहां पर नकली पेट्रोल और डीजल बनाए जा रहे हैं. उसके लिए भारी मात्रा में केमिकल मंगवाया गया है और नकली पेट्रोल डीजल बनाकर तस्करी होगी.

कहां से हुई बरामदगी?: यह कार्रवाई जिला अधिकारी आदित्य प्रकाश के आदेश अनुसार टीम गठित कर किया गया है. वहीं हरदिया मोड़ पर फकरे आलम नामक व्यक्ति का एक बड़ा परिसर है. उसी में यह काला धंधा चल रहा था, जहां चार टैंकर सॉल्वेंट केमिकल मंगाया गया था.
तस्कर फरार: फिलहाल छापेमारी के बाद वहां पर मौजूद तस्कर भागने में कामयाब हो गए और यह सॉल्वेंट मुकेश यादव नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है. वह भी फिलहाल फरार है.
जब्त सॉल्वेंट को भेजा गया लैब: मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि मुकेश यादव का एक पेट्रोल पंप है और वह यहीं पर केमिकल मिलाकर हेरा फेरी का गोरखधंधा करता था. प्रशासन ने जब्त सॉल्वेंट को जांच के लिए लैब भेजा है. इतनी भारी मात्रा में सॉल्वेंट कहां से लाया गया है, इसकी जांच पड़ताल पुलिस कर रही है.

"चार टैंकर सॉल्वेंट पकड़ा गया है. FIR दर्ज कर ली गई है. केमिकल को जांच के लिए भेजा गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है."- आदित्य प्रकाश,सिवान एसडीएम
कैसे करें असली-नकली पेट्रोल की जांच: पटना ऑटो एक्सपर्ट समीर कुमार ने बताया कि, एक ट्रांसपेरेंट बोतल में थोड़ा पेट्रोल लें, इसके बाद इसमें पानी की कुछ बूंदे डालें. पेट्रोल असली रहा तो पानी नीचे बैठ जाएगा और पेट्रोल ऊपर तैरता रहेगा. मिलावटी पेट्रोल पानी में घुस जाएगा और एक धुंधला घोल बन जाएगा.
एक टिश्यू पेपर लें, इसके बाद इसमें कुछ पेट्रोल की बूंदें डालें. अगर सूखने के बाद इसमें पेट्रोल का निशान रह जाता है तो यह नकली है. असली पेट्रोल किसी भी तरह का कोई निशान नहीं छोड़ता है.
कुछ बूंद पेट्रोल की लें और उसे कागज पर रखें. अगर इसमें से अजीब सी गंध आ रही है तो यह मिलावटी है.कई बार इसमें पानी और केरोसिन की मिलावट की जाती है.
शुद्ध पेट्रोल का घनत्व क्या होता है? : भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन की ओर से शुद्ध पेट्रोल का घनत्व निर्धारित किया गया है, वो 730-800 के बीच है. इसके बारे में पेट्रोल पंप मशीन पर लिखा होता है. अगर पेट्रोल इसके बीच है तो शुद्ध है. अगर पेट्रोल की डेंसिटी 800 से अधिक है, तो इसका मतलब है कि इसमें मिलावट है.
ये भी पढ़ें
बिहार के पेट्रोल पंप पर जब तेल की जगह निकलने लगा पानी! गाड़ी हुई खराब तो जमकर हुआ हंगामा

