सिंगरौली नगर निगम कमिश्नर का छलका दर्द, कहा- मेरी छाती पर पैर रखकर आदेश कराते हैं
नगर निगम कमिश्नर ने कहा भ्रष्टाचार को रोकने के लिए मैं अकेले कुछ नहीं कर सकता, सबके सहयोग की है जरूरत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 8, 2025 at 6:41 PM IST
|Updated : April 8, 2025 at 9:48 PM IST
सिंगरौली : एमपी के सिंगरौली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सिंगरौली नगर पालिका निगम के भ्रष्टाचार को लेकर निगम कमिश्नर का दर्द छलका है. पार्षदों के साथ बातचीत के दौरान नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि अकेले मैं इस भ्रष्टाचार को रोकने में असमर्थ हूं.
'मेरी छाती पर रखकर आदेश कराते हैं'
नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए उन्हें सभी का साथ चाहिए. अपना दर्द बयां करते हुए उन्होंने कहा, '' किसी भी काम के लिए मेरी छाती पर पैर रखकर आदेश कराया जाता है. ऐसे में मैं मजबूर हूं. सभी के साथ की आवश्यकता है. '' नगर निगम कमिश्नर की यह बेबसी सिंगरौली के नगर पालिका निगम के भ्रष्टाचार की बड़ी कहानी बयां कर रही है.
कोई कर्मचारी मेरी नहीं सुनता : कमिश्नर
दरअसल, पूरा मामला मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की नगर पालिका निगम की बैठक का है. इस बैठक में सभी वार्ड के पार्षद, नगर निगम कमिश्नर समेत कई अधिकारी मौजूद थे. सोमवार को हुई इस बैठक में पार्षदों ने नगर निगम की सफाई कंपनी सीटाडेल पर अनियमितता के आरोप लगाया, और पार्षदों ने बताया कि नियम विरुद्ध तरीके से सीटाडेल कंपनी को हर माह भुगतान किया जा रहा है. तभी सभागार में आयुक्त डीके शर्मा का दर्द छलक गया.
यह भी पढ़ें-
- मध्य प्रदेश पर दौलत की बारिश, सिंगरौली ने सरकार के खजाने में भरी अथाह 'ऊर्जा'
- सिंगरौली पुलिस ने चालान काटने का बनाया रिकॉर्ड, CCTV से धकाधक काटा ऑनलाइन चालान
सभागार में आयुक्त डीके शर्मा ने कहा, '' यहां पर पदस्थ कोई कर्मचारी मेरी बात नहीं सुनता और इस भ्रष्टाचार को रोकने में अकेले में असमर्थ हूं.''

