ETV Bharat / state

सिंगरौली में अवैध डीजल का खेल, यूपी और गुजरात से भरकर आते हैं टैंकर

सिंगरौली जिले में फिर बड़े स्तर पर अवैध डीजल से भरा टैंकर जब्त. ड्राइवर गिरफ्तार. पूछताछ जारी.

Singrauli Illegal diesel
सिंगरौली में अवैध डीजल से भरा टैंकर जब्त (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 27, 2025 at 3:12 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिंगरौली : सिंगरौली जिले में अवैध डीजल बिक्री को लेकर पुलिस के साथ ही प्रशासन ने नकेल कसी है. इसके बाद भी अवैध डीजल के काम में लगे लोग यूपी और गुजरात से टैंकर भरकर सिंगरौली ला रहे हैं. इसके लिए बाकायदा नेशनल हाईवे पर एजेंट तैनात किए गए हैं, जिनका कनेक्शन यूपी और गुजरात के तस्करों से है. एक बार फिर सिंगरौली जिले के मोरवा में अवैध डीजल जब्त किया गया है.

टैंकर में भरा 39 हजार लीटर अवैध डीजल

गौरतलब है कि सिंगरौली जिले में आए दिन डीजल चोरी के और अवैध डीजल के लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही हैं. अवैध डीजल के खेल पर एक बार फिर पुलिस ने नकेल कसी. सिंगरौली जिले के मोरवा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक टैंकर जब्त किया है. इसमें 39 हजार लीटर अवैध डीजल भरा था. यह डीजल गुजरात से टैंकर में भरकर मध्य प्रदेश के रास्ते होकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था. पुलिस ने सूचना मिलने पर घेराबंदी कर रात में अवैध डीजल से लोड टैंकर को जब्त कर लिया.

मोरवा एसडीओपी गौरव पांडे (ETV BHARAT)

पुलिस ने घेराबंदी कर जब्त किया टैंकर

मोरवा एसडीओपी गौरव पांडे ने बताया "मोरवा पुलिस थाना को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग का टैंकर क्रमांक GJ39T0274 में अवैध डीजल लोड है. ये टैंकर बरगवां तरफ से आ रहा है. इसके बाद मोरवा थाना प्रभारी ने टीम बनाकर भूसामोड पहुचंकर घेराबंदी की. थोड़ी देर मे सफेद रंग का टैंकर आते देखा गया. उसे रोककर चालक कृष्ण पाल सिंह बिजनौर यूपी निवासी से डीजल के संबंध में कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका."

नेटवर्क खंगालने में लगी पुलिस

इसके बाद मोरवा थाना पुलिस ने अवैध डीजल मय टैंकर को जब्त कर आरोपी कृष्ण पाल सिंह के विरुद्ध धारा 516/25 व 3/7 के तहत केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि अवैध डीजल के इस खेल में कौन-कौन शामिल हैं, यह कब से हो रहा है, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. इस मामले में ड्राइवर के खुलासे के आधार पर जो लोग भी शामिल होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.