'चांदी' होगा भविष्य का नया सोना, 9 माह में दाम दोगुने, आखिर क्यों अचानक बढ़ रहे भाव, जानिए...
जानिए क्यों अचानक से सोने के दाम बढ़ रहे हैं, जिससे लोग चांदी की तरफ रुख कर रहे हैं.

Published : October 12, 2025 at 12:30 PM IST
जयपुर/जोधपुर : त्योहारी सीजन में सोने और चांदी की कीमतों ने अभी तक के सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. खासकर चांदी की कीमतों ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है, जिसके बाद ज्वेलरी कारोबार से जुड़े कारोबारियों ने इसे भविष्य के सोने का नाम दिया है. साथ ही सोने की बढ़ती कीमतों के बीच अब उपभोक्ताओं का रुझान सिल्वर ज्वेलरी और खासकर फैशन ज्वेलरी की मांग बढ़ गई है.
ज्वेलरी कारोबारी और फेडरेशन ऑफ राजस्थान एक्सपोर्टर्स के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा का कहना है कि भारत में सोने और चांदी को गहनों के अलावा इंवेस्टमेंट के तौर पर भी देखा जाता है. पिछले कुछ साल से विश्व में युद्ध के हालात बने हुए हैं. ऐसे में इस समय इन्वेस्टर्स को सोने और चांदी के अलावा अन्य कोई ऐसा रास्ता दिखाई नहीं दे रहा जो निवेश के लिए बेहतर हो. ऐसे में पिछले कुछ सालों से इन दोनों कीमती धातुओं में निवेश तेजी से बढ़ा है. लोगों के पास जो सरप्लस पैसा है उसके निवेश के लिए शेयर बाजार से सुरक्षित इस समय गोल्ड और सिल्वर लग रहा है.
पढ़ें. धनतेरस 2025 : सोना-चांदी नहीं तो जरूरत के सामान ही सही, हर घर में लाएं समृद्धि के प्रतीक
औद्योगिक मांग बढ़ी : राजीव अरोड़ा का कहना है कि चांदी की कीमतों में जिस तरह से बढ़ोतरी हो रही है, ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला. इसकी वजह औद्योगिक क्षेत्र में अचानक चांदी की मांग बढ़ाना है. पिछले कुछ समय से मोबाइल कैमरा, इलेक्ट्रिक व्हीकल, सोलर पैनल आदि में सिल्वर का उपयोग तेजी से बढ़ने लगा है, जिसके कारण सिल्वर की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इसके कारण सिल्वर ने सोने की तेजी को भी मात दे दिया है.
तेजी नहीं रुकेगी : राजीव अरोड़ा का कहना है कि जिस तरह से गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में भविष्य में इन दोनों कीमती धातुओं की कीमत में कमी देखने को नहीं मिलेगी और तेजी बरकरार रहेगी. उनका कहना है कि त्योहारी सीजन में आमतौर पर भारत में रिवाज है कि सोने और चांदी की ज्वेलरी खरीदी जाती है, लेकिन अब सोना पहुंच से बाहर हो गया है तो ऐसे में सिल्वर ज्वेलरी और सिल्वर ज्वेलरी पर गोल्ड पॉलिश ग्राहकों की पहली पसंद बन गई है. हालांकि बढ़ती कीमतों के कारण सोने की खरीद प्रभावित हुई है, लेकिन आने वाले समय में जब स्थिरता आएगी तो एक बार फिर सोने की खरीद बढ़ेगी.
पढ़ें. सोने-चांदी के भावों में तेजी, अब हल्के वजन के आभूषणों की बढ़ी डिमांड, कम कैरेट के आभूषण भी तैयार
फैशन ज्वेलरी ट्रेंड में : इस बार बाजार में डिजाइनर या फैशन ज्वेलरी, ऑक्सीडाइज्ड नेकलेस, पायल, झुमके और ब्रैसलेट्स की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी है. पहले जहां ग्राहक सोने की खरीदारी में ज्यादा रुचि दिखाते थे, वहीं अब वही ग्राहक स्टाइलिश सिल्वर कलेक्शन की मांग कर रहे हैं. राजीव अरोड़ा का कहना है कि जयपुर को रंगीन रत्नों की राजधानी कहा जाता है और कुछ ऐसे रत्न है जो सिर्फ़ सोने में लगाए जाते हैं. ऐसे में सोने की मांग भी लगातार बनी रहेगी.

फिर बढ़ी कीमतें : एक बार फिर गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है. जयपुर सर्राफा बाजार की ओर से जारी की गई. सोने और चांदी की कीमतों की बात करें तो बीते दिन के मुकाबले 24 कैरट सोने की कीमतों में उछाल देखने को मिला, जिसके बाद 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 24 हजार 900 रुपए प्रति 10 ग्राम रही. वहीं, 22 कैरेट सोने के दाम 1 लाख 16 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए हैं. चांदी के दाम 1 लाख 67 हजार 200 रुपए प्रति किलो दर्ज किए गए.
पढ़ें. त्योहारी सीजन में सोना और चांदी ने बनाया रिकॉर्ड, ऑल टाइम हाई हुई कीमतें
इस तरह चमकी ये दोनों धातु : बीते 9 माह की बात की जाए तो गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी देखने को मिली है. 22 कैरेट यानी जेवराती सोने की बात करें तो पिछले 9 माह में इसकी कीमत 37 हजार 400 रुपए तक बढ़ गई है. वहीं, सिल्वर की कीमतों की बात करें तो बीते 9 माह में सिल्वर के दाम 71 हजार 500 रुपए तक बढ़ गए हैं.

चांदी के सिक्कों के दोगुने दाम : दिवाली पर शगुन के रूप में खरीदे जाने वाला चांदी का सिक्का इस बार गत वर्ष से दोगुने भावों पर मिलेगा, जो सिक्का 900 का था वह अब 1800 रुपए में मिलेगा. चांदी में आई वैश्विक तेजी ने यह भाव बढ़ा दिया है. ऐसा माना जा रहा है कि भारत में चांदी की खरीद आने वाले दिनों में त्योहार के चलते बढ़ेगी. ऐसे में अभी 10 हजार रुपए प्रति किलो भाव में बढ़ोतरी हो सकती है. यही कारण है कि निवेशक चांदी में इनवेस्ट कर रहे हैं.
पढ़ें. दिवाली से पहले सोने की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल...विशेषज्ञ से जानें- शादियों के सीजन में क्या होगा?
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष नवीन सोनी ने बताया कि यह आशंका पहले ही थी कि चांदी के भाव बढ़ेंगे, लेकिन अचानक भाव बढ़ने के पीछे बड़े कारण हैं. इसमें अमेरिका की ओर से चांदी को लेकर टैरिफ पर निर्णय करने की आशंका ने डिमांड बढ़ा दी है. यही कारण है कि 15 दिनों में ही 25 फीसदी भाव बढ़ गए हैं. अगर डिमांड पूरी नहीं होगी तो यह भाव बढ़ते रहेंगे. ग्राहकों में पैनिक भी है, लेकिन वे अपने बजट के अनुसार धनतेरस पर खरीद होगी.
खरीद से उम्मीद : जोधपुर ज्वलेर्स एसोसिएशन के सचिव अभिषेक चौपड़ा ने बताया कि अभी चांदी ऑल टाइम तेजी के दौर से गुजर रही है. इससे लोगों में चांदी खरीदने का रुझान बढ़ा है. चाहे वह बर्तन हो या आभूषण लोग खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. जोधपुर में पुष्य नक्षत्र, धन त्रयोदशी, रूप चतुर्दशी व दिवाली के मौके पर चांदी खरीदने की परंपरा है. अधिकांश लोग चांदी के सिक्के खरीदते हैं. बाजार में 5, 10, 20, 50 व 100 ग्राम तक के सिक्के उतारे जाते हैं. भावों में इतनी बढ़ोतरी हुई है कि इस बार सिक्कों की खरीददारी या तो कम होगी या कम वजन के सिक्के खरीदे जाएंगे.

