अग्निवीर का फिजिकल टेस्ट शुरू, जानें मध्य प्रदेश के किस जिले का कब आएगा नंबर
शिवपुरी में अग्निवीर भर्ती का फिजिकल टेस्ट शुरू हो गया है. इस टेस्ट में 10 जिलों के 10 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी भाग लेंगे.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 4, 2025 at 2:38 PM IST
शिवपुरी: भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए अग्निवीर भर्ती परीक्षा के तहत शारीरिक परीक्षा शुरू हो गई है. शिवपुरी के फिजिकल कॉलेज स्थित मैदान में 3 अगस्त से शुरू हुई परीक्षा 14 अगस्त तक चलेगी. परीक्षा के एक दिन पहले से ही अभ्यर्थियों का यहां आना शुरू हो गया है. पहले दिन सागर जिले के करीब 500 युवा इस परीक्षा में शामिल हुए. जिस दिन टेस्ट होना है उस दिन रात 12 बजे से ही ग्राउंड में प्रवेश मिलना शुरू हो जाता है, इसलिए अभ्यर्थी तय डेट से एक दिन पहले ही पहुंच रहे हैं. दूर-दूर से आए अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए प्रशासन द्वारा इंतजाम किए गए हैं, लेकिन उसमें खामियां भी हैं.
प्रशासन द्वारा प्रबंध किए धर्मशाला पर लगा है ताला
प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों के ठहरने के के लिए शहर में 7 जगह नि:शुल्क इंतजाम तो जरूर किए गए हैं, लेकिन वो सिर्फ खानापूर्ति लगते हैं. ईटीवी भारत की टीम वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रशासन द्वारा तय स्थानों में से एक राजेश्वरी रोड स्थित जैन धर्मशाला पहुंची, लेकिन यहां गेट पर ताला लगा हुआ था. आसपास के लाेगाें ने बताया कि यह ताला हमेशा ही लगा रहता है. अंदर झांककर देखा ताे गंदगी फैली थी.
बाहर दीवार पर एक कागज चस्पा था, जिस पर लिखा था यदि पता खोजने में कोई दिक्कत आए तो पटवारी से संपर्क किया जा सकता है. पटवारी का नंबर कागज पर लिखा था. रात में इस धर्मशाला काे खोजना भी आसान नहीं है, क्योंकि इस इमारत पर धर्मशाला के नाम का बोर्ड तक नहीं लगा है. ऐसे में यदि कोई व्यक्ति यहां रुकने पहुंचा ताे शायद उसे काफी परेशानी झेलनी होगी.

शहर में बढ़ गई है चहल-पहल
निजी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालकों ने रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक हर जगह अपने विज्ञापन का पोस्टर लगाया है. जिस पर ठहरने और चाय-नाश्ता, भोजन के स्थानों की जानकारी दी गई है. आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को शिवपुरी में आगमन के लिए ट्रेनों के मुकाबले बसें ज्यादा सुलभ साधन है. शहर में एकाएक चहल-पहल और भीड़ बढ़ गई है. सड़कों पर ऑटो ज्यादा दौड़ते दिखाई देने लगे हैं. खाने-पीने की दुकानों पर भारी भीड़ दिखने लगी है. हालांकि कई अभ्यर्थियों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है.

एडमिड कार्ड लॉक होने की वजह से नहीं मिला प्रवेश
रविवार शाम करीब 4 बजे 5-6 युवा भर्ती स्थल पर पहुंचे थे. जिनमें अनुज यादव और अभय साहू निवासी सागर, राज परिहार निवासी ग्वालियर के एडमिट कार्ड लॉक हाे गए थे. दरअसल इन्होंने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान 2 बार गलत पासवर्ड डाल दिया था. तीनों अभ्यर्थी शाम 5 बजे के बाद जब भर्ती स्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को अपनी परेशानी बताई, लेकिन वहां मौजूद अधिकारियों ने कहा शाम 5 बजे के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है इसलिए अब एडमिट कार्ड का लॉक नहीं खुलेगा. तीनों अभ्यर्थी काफी परेशान इधर-उधर घूमते दिखे.

10 जिलों के 10,114 अभ्यर्थी होंगे शामिल
बता दें कि 12 दिन चलने वाली इस परीक्षा में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर के 10 हजार 114 अभ्यर्थी शामिल होंगे. नीचे रहा परीक्षा का शेड्यूल.
- 3 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 570 अभ्यर्थी सागर
- 4 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 742 अभ्यर्थी छतरपुर, भिंड
- 5 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 853 अभ्यर्थी टीकमगढ़, भिंड
- 6 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 860 अभ्यर्थी भिंड, मुरैना
- 7 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 865 अभ्यर्थी दतिया, मुरैना
- 8 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 875 अभ्यर्थी निवाड़ी, मुरैना
- 9 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 862 अभ्यर्थी श्योपुर, मुरैना
- 10 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी 893 अभ्यर्थी ग्वालियर, मुरैना
- 11 अगस्त अग्निवीर जनरल ड्यूटी क्लर्क 925 अभ्यर्थी सभी जिले मुरैना छोड़कर
- 12 अगस्त अग्निवीर क्लर्क ट्रेडमैन 949 अभ्यर्थी सभी जिले मुरैना छोड़कर
- 13 अगस्त अग्निवीर टेक्निकल 971 अभ्यर्थी सभी जिले मुरैना छोड़कर
- 14 अगस्त अग्निवीर टेक्निकल 749 अभ्यर्थी मुरैना
इस बार 4 कैटेगरी में होगी रनिंग
इंडियन आर्मी की ओर से इस बार 4 कैटेगरी के तहत रनिंग करवाई जाएगी और इसी के अनुसार अभ्यर्थियों को नंबर दिए जाएंगे. अलग-अलग कैटेगरी के अनुसार 1600 मीटर की दौड़ पूरी करने पर नंबर दिए जायेंगे, जिसकी जानकारी निम्नलिखित है-
5 मिनट 30 सेकेंड में दौड़ पूरी करने पर 60 नंबर दिए जायेंगे.
5 मिनट 31 सेकेंड से 5 मिनट 45 सेकेंड तक दौड़ पूरी करने पर 48 नंबर दिए जायेंगे.
5 मिनट 46 सेकेंड से 6 मिनट तक दौड़ पूरी करने पर 36 नंबर मिलेंगे.
6 मिनट से 6 मिनट 15 सेकेंड तक दौड़ पूरी करने पर 24 नंबर दिए जायेंगे.
लंबाई एवं सीने की माप
फिजिकल टेस्ट में उम्मीदवारों की लंबाई, सीने के माप के साथ रनिंग आदि का टेस्ट भी लिया जायेगा. जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों के लिए न्यूनतम लंबाई 169 सेमी और सीने की चौड़ाई 77 सेमी (फुलाव के साथ 82 सेमी) होनी चाहिए. आरक्षित कैटेगरी से आने वाले उम्मीदवारों को लंबाई और सीने की माप में छूट दी गई है. रनिंग के अलावा उम्मीदवारों को बीम पुल अप में 9 फुट का गड्ढा पार करना होगा.
फिजिकल टेस्ट पूरा होने के बाद अभ्यर्थियों की फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी. इसके बाद ज्वाइनिंग से पहले उम्मीदवारों को मेडिकल एग्जामिनेशन में भाग लेना होगा. इस बार मेडिकल में मानसिक टेस्ट भी शामिल किया गया है. इसके बाद सभी प्रकार से फिट अभ्यर्थियों का फाइनल सिलेक्शन माना जाएगा.
- अग्निवीरों के लिए सागर यूनिवर्सिटी की सौगात, जवानों को कराएगी रोजगार परक कोर्स
- अग्निवीर का इस गांव में ऐसा स्वागत, देखते रह गए लोग, नेताओं के जुलूस पर पड़ा भारी
प्रशासन ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम
प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. रेलवे स्टेशन के पास करीब 50 की संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं. इसके अलावा बस स्टैंड पर भी पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं. शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने एक संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि "यह भर्ती ओपन नहीं है. इसमें केवल वही युवा भाग ले सकते हैं, जिन्होंने पहले आयोजित लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है और जिनके पास फिजिकल टेस्ट का एडमिट कार्ड है. उन्होंने युवाओं से अपील की है कि जो परीक्षा में शामिल नहीं हुए थे, वे भर्ती के लिए नहीं आएं, उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा."

