ETV Bharat / state

अचानक डिब्बे-बाल्टी लेकर हाईवे किनारे दौड़ने लगे लोग, तेल लूट से लगा 5 घंटे का जाम

श्योपुर के कराहल इलाके में तेल से भरा टैंकर हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटा. तेल लूटने के चक्कर में जाम में घंटों फंसे रहे राहगीर.

SHEOPUR tanker OIL LOOT
अनियंत्रित होकर पलटा तेल से भरा टैंकर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 20, 2025 at 9:51 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

श्योपुर: देश में अक्सर लोग दुर्घटनाओं में भी अवसर ढूंढ़ने लगते हैं, शायद यही वजह है कि जब मालवाहक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं तो वाहन में मौजूद सामान को लूटने लोग पहुंच जाते हैं. ताजा तस्वीर मध्य प्रदेश के श्योपुर से सामने आई है जहां एक टैंकर पलटा तो लोगों ने उसमें भरा तेल लूटना शुरू कर दिया.

अनियंत्रित होकर पलटा तेल से भरा टैंकर

श्योपुर के कराहल इलाके से गुजर रहा तेल से भरा एक टैंकर हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया. ये हादसा उस वक्त हुआ जब टैंकर चालक शिवपुरी से टैंकर को श्योपुर की और ले जा रहा था इसी बीच अचानक नौनपुरा घाटी पर टैंकर चालक ने नियंत्रण खो दिया और टैंकर सड़क किनारे गहराई में पलट गया.

डब्बे-बाल्टी लेकर पहुंचे ग्रामीण, लूट ले गए तेल (ETV Bharat)

आसपास के ग्रामीण और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत टैंकर के पास पहुंच कर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला. गनीमत रही की हादसे में ड्राइवर को मामूली चोटें ही आईं.

traffic jam for 5 hours
तेल लूट से लगा 5 घंटे का जाम (ETV Bharat)

डब्बे-बाल्टी लेकर पहुंचे ग्रामीण, लूट ले गए तेल

घटना की जानकारी जब आसपास के गांव के ग्रामीणों को लगी तो कई और लोग भी मौके पर पहुंचे और टैंकर से निकलते तेल को देख लालच में आ गये. फिर क्या था, लोग टैंकर से तेल लूटने में लग गए. डिब्बा, बाल्टी, बर्तन जिसको जो मिला पलटते हुए टैंकर से बहते तेल को भरकर चलते बने. इस दौरान वाहन से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने इस तेल की लूट का वीडियो भी अपने मोबाइल में कैद कर लिया.

SHEOPUR VILLAGERS LOOTED OIL
अचानक डब्बे-बाल्टी लेकर हाईवे किनारे दौड़ने लगे लोग (ETV Bharat)

पुलिस ने पहुंच कर तेल लुटेरों को भगाया, 5 घंटे तक लगा रहा जाम

इस घटनाक्रम के बारे में पता चलते ही कराहल पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक तेल की लूट की वजह से लंबा जाम लग चुका था. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तेल लूटने की कोशिश कर रहे कई ग्रामीणों को मौके से भगाया और किसी तरह जाम खुलवा कर आवागमन सुचारू किया. इस घटनाक्रम के समय जाम में फंसे श्योपुर के रहने वाले धीरज ने बताया कि "करीब 4 से 5 घंटे तक तेल की लूट मची रही. वे इस दौरान जाम में फंसे हुए थे. हालांकि बाद में पुलिस ने आकर स्थिति संभाली तब जाम खुल सका."