ETV Bharat / state

ऑनलाइन गेम के चंगुल में फंसा युवक, सब कुछ तबाह होने पर उठाया खौफनाक कदम

शहडोल का राहुल जल्द बनना चाहता था करोड़पति, ऑनलाइन गेम की लत ने बनाया कंगाल, लाखों कर्ज से परेशान होकर की आत्महत्या.

SHAHDOL ONLINE GAME CRISIS
ऑनलाइन गेम के चंगुल में फंसे युवक ने की आत्महत्या (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 3, 2025 at 2:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शहडोल: डिजिटल की दुनिया जितनी रंगीन नजर आती है, उतनी ही खौफनाक भी है. इसके मायाजाल में फंस कर कई लोग बर्बाद हुए, तो कइयों ने जान गंवाई है. ऐसा ही एक मामला शहडोल जिले से सामने आया है, जहां युवक को ऑनलाइन गेम खेलने का ऐसा शौक लगा की उसने सब कुछ बर्बाद कर दिया. युवक कर्ज के बोझ में इतना दब किया की उसने जीने की इच्छा ही छोड़ दी और घर पर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतक पढ़ा लिखा था और निजी कंपनी में एमआर के तौर पर कार्यरत था.

ऑनलाइन गेम ने बनाया कर्जदार

पूरा मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है. यहां रहने वाला 28 वर्षीय राहुल निजी कंपनी में एमआर के पद पर काम करता था. परिजन से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल जल्द करोड़पति बनना चहता था, इसलिए वह सोशल साइट पर खेले जाने वाला ऑनलाइन गेम खेलने लगा. धीरे-धीरे वह इस गेम का आदी बन गया. वह रात रात भर ऑनलाइन गेम खेलता था.

shahdol youth Debt
सोहगपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी (ETV Bharat)

कर्जदार बना रहे थे दबाव

ऑनलाइन गेम में उसे जल्दी अमीर बनने का सपना दिखने लगा, जिसका असर ये हुआ कि वह अपने परिचित वालों से लाखों रुपए का कर्ज लेकर गेम में लगाता रहा. वह गेम में सारे पैसे हार कर कंगाल हो चुका था, जब कर्ज चुकाने की बारी आई तो देनदारों को पैसा नहीं दे पा रहा था. कर्ज देने वाले लोग भी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे, जिसके चलते वह परेशान रहने लगा था. कर्ज से परेशान होकर उसके ने खुदकुशी करने का फैसला किया और सोमवार को घर पर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

ऑनलाइन गेम और कर्ज बना मौत का कारण

स्थानीय लोगों का कहना है कि "राहुल की शादी नहीं हुई थी. वह अपने माता-पिता के साथ रहता था. ऑनलाइन गेम के चंगुल में फंसकर राहुल ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया है. उसकी मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. युवक की मौत की जानकारी लगते ही कॉलोनी के लोग राहुल के घर पहुंच कर सांत्वना दे रहे हैं. वहीं जवान बेटे की मौत से माता-पिता को गहरा सदमा पहुंचा है. फिलहाल, सोहागपुर थाने की पुलिस ने परिवार वालों के बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है."

मामले की बारीकी से जांच जारी

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र पांडे का कहना है कि "प्रारंभिक जांच में कर्ज और दबाव ही मौत की बड़ी वजह लग रही है. हालांकि मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. कर्ज देने वाले और उनके परिवार वालों के बयान भी लिए जा चुके हैं. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पुलिस मामले में कुछ कह पाने की स्थिति में होगी."