ETV Bharat / state

चाईबासा में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सारंडा में तीन बंकर ध्वस्त, भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद

सुरक्षा बलों को चाईबासा में बड़ी सफलता मिली है जहां उन्होंने 3 नक्सली बंकरों को नष्ट कर दिया है.

SEARCH OPERATION AGAINST NAXALITES
सुरक्षा बलों द्वारा बरामद की गई सामग्री (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 8, 2025 at 8:45 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. जराईकेला थाना क्षेत्र के हेंडेकुली के आसपास जंगल-पहाड़ी इलाके में तीन नक्सली बंकरों को ध्वस्त किया गया. इन बंकरों से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं.

गुप्त सूचना के आधार पर अभियान

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक कार्यालय को 6 अगस्त 2025 को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादी जराईकेला थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सली सामग्री छिपाकर रखे हुए हैं, ताकि सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाया जा सके. इस सूचना के आधार पर 7 अगस्त को झारखंड पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने हेंडेकुली क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

तीन नक्सली बंकर ध्वस्त

सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी के दौरान हेंडेकुली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तीन नक्सली बंकरों का पता लगाया और उन्हें ध्वस्त कर दिया. इन बंकरों से नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भारी मात्रा में सामग्री, हथियारों के उपकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं. पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और इस संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है.

नक्सलियों के खिलाफ सतत अभियान

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा और अन्य नक्सली अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सक्रिय हैं. इनके खिलाफ झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही है.

सुरक्षा बलों की रणनीति

चाईबासा पुलिस और सुरक्षा बल नक्सलियों के आखिरी गढ़ को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सारंडा जंगल, जो लंबे समय से नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना रहा है, में सघन सर्च ऑपरेशन और सैनिटाइजेशन अभियान चलाए जा रहे हैं. इस सफलता को नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

बरामद की गई सामग्री-

1. तार सहित बैटरी
2. नक्सली हरी वर्दी
3. नक्सली काली वर्दी
4. जंगली जूता
5. पिट्टू
6. काला पटका
7. स्टील कंटेनर
8. काला पॉलिथीन
9. अन्य दैनिक उपयोग का सामान.

अभियान दल-
1. चाईबासा पुलिस
2. कोबरा 209 BN

ये भी पढ़ें-

टला बड़ा ट्रेन हादसा, नक्सलियों ने रेल लाइन को विस्फोट कर पहुंचाया नुकसान, एक रेलकर्मी की मौत, दूसरा गंभीर

थाना प्रभारी ने नक्सल इलाके के बच्चों को पढ़ाई केमिस्ट्री, कभी नक्सली स्कूल में पोस्टर चिपकाकर जारी करते थे फरमान

युद्ध विराम से नहीं बनी बात तो कूटनीति का सहारा ले रहे नक्सली, पत्र जारी कर भड़काने की कोशिश