सशक्त एप बना अपराधियों के लिए पुलिस का नया हथियार, चोरी के कई वाहन बरामद
दुर्ग पुलिस सशक्त एप के जरिए चोरी किए गए वाहनों का पता लगा रही है.स्मार्ट पुलिसिंग के कारण कई केस आसानी से सुलझ रहे हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 29, 2025 at 5:34 PM IST
दुर्ग : अपराध रोकने के लिए अब पुलिस स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल कर रही है.दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग के विकसित किए गए एप सशक्त के जरिए कई तरह के अपराध को सुलझाने में मदद मिली है. इस एप की मदद से पुलिस को चोरी हुए वाहनों की जानकारी एक क्लिक में मिल जाती है. जिससे त्वरित कार्रवाई कर वाहनों को बरामद किया जा रहा है.
चोरी के वाहनों की हुई जब्ती : सुपेला पुलिस ने सशक्त एप की सहायता से हाल ही में दो चोरी के वाहनों को बरामद किया है. पुलिस को इस एप के माध्यम से जैसे ही गाड़ियों की जानकारी मिली, टीम ने तुरंत एक्शन लिया और वाहनों को खोजा. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस एप का इस्तेमाल करते ही चोरी किए गए वाहनों का पूरा डेटा उपलब्ध हो जाता है, जिससे संदिग्ध वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त करना आसान हो जाता है.


चोरी के वाहनों को ट्रैस करने में मदद : रामगोपाल गर्ग के मुताबिक सशक्त एप पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक कुशल बना रहा है.इसके माध्यम से पुलिस ना केवल चोरी हुए वाहनों को जल्द से जल्द ट्रेस कर रही है बल्कि अपराधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई कर रही है. दुर्ग रेंज के आईजी ने बताया कि सशक्त एप को स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा सकता है. इस एप के माध्यम से पुलिस की कार्यशैली अधिक प्रभावी हो रही है और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी में तेजी आई है.
हमारे प्रयासों का मुख्य उद्देश्य अपराधों को रोकना और चोरी हुए वाहनों को जल्द से जल्द उनके असली मालिकों तक पहुंचाना है. सशक्त एप इस दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है. आने वाले समय में इसके और अधिक उन्नत फीचर्स जोड़ने पर विचार किया जा रहा है. सशक्त एप जैसी तकनीकों के उपयोग से पुलिस को अपराध नियंत्रण में जबरदस्त सहायता मिल रही है. डिजिटल युग में इस तरह के नवाचार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना रहे हैं - रामगोपाल गर्ग, आईजी
अब तक चोरी के 12 वाहन बरामद : अधिकारियों का मानना है कि यदि इस तकनीक को और व्यापक रूप से लागू किया जाए, तो ना केवल चोरी के मामलों में कमी आएगी, बल्कि अपराधियों पर लगाम कसना भी आसान हो जाएगा. इस तरह सशक्त एप ने दुर्ग रेंज में पुलिसिंग को नए आयाम दिए हैं.आने वाले समय में इसके और भी बेहतर परिणाम देखने को मिल सकते हैं. सशक्त एप लॉन्च होने के बाद से अब तक दुर्ग जिले में कुल 12 चोरी हुए वाहनों को बरामद किया जा चुका है. इस एप से पुलिसिंग कार्य में तेजी आई है और कार्य कुशलता बढ़ी है.
अधिकारी और कर्मचारी इस्तेमाल कर रहे सशक्त एप : दुर्ग में सशक्त एप को 800 से ज्यादा अधिकारी एवं कर्मचारी उपयोग कर रहे हैं. अभियान चलाकर चोरी हुए वाहनों को ढूंढने में ये एप मददगार साबित हो रहा है.सशक्त एप के माध्यम से चोरी हुए वाहनों की त्वरित पहचान और बरामदगी से पुलिस कार्रवाई पहले से अधिक सटीक, तेज और प्रभावी हो गई है.
प्राइवेट बैंकों में साइबर ठगी का पैसा जमा करने का मामला, 216 अकाउंट सीज 35 अरेस्ट
निगम में हुए घोटालों पर बीजेपी लाएगी आरोप पत्र, जांच के बाद होगी कार्रवाई : अरुण साव

