कूडो वर्ल्ड कप 2025 में सोहेल खान ने फिर रचा इतिहास, भारत के लिए जीता रजत पदक
मध्य प्रदेश के सागर जिले के सोहेल खान ने कूडो वर्ल्ड कप 2025 में रचा इतिहास, भारत के लिए जीता रजत पदक.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 11, 2025 at 6:05 PM IST
|Updated : July 11, 2025 at 8:03 PM IST
सागर: मध्य प्रदेश के गोल्डन बॉय के रूप में मशहूर सोहेल खान ने एक बार फिर कूडो जैसे खेल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है. हाल ही में बुल्गारिया में हुए वर्ल्ड कूडो कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल हुआ है. रोमांचक फाइनल मुकाबले में मामूली अंतर से सोहेल खान फ्रांसीसी प्रतिद्वंद्वी से हार गए, नहीं तो भारत की झोली में एक बार फिर गोल्ड मेडल होता. सोहेल खान ने पुरुष -250 पी वर्ग में रजत पदक जीता है. सीनियर पुरुष वर्ग में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
शानदार खेल की बदौलत बनाई फाइनल में जगह
कूडो वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन 5 और 6 जुलाई को बुल्गारिया में हुआ. जिसमें दुनिया भर के शीर्ष कूडो खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इस टूर्नामेंट में सागर के सोहेल खान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक हासिल किया. सोहेल का पहला मुकाबला राउंड ऑफ 16 में पाकिस्तान के अब्दुल्ला से था, लेकिन वजन के मापदंड पर पाकिस्तानी खिलाड़ी के खरे नहीं उतरने पर सोहेल खान को वॉकओवर मिला और वह अगले दौर में पहुंच गए.
क्वार्टर फाइनल मैच में बुल्गारिया के रूसव राडोस्लाव को उनके घरेलू मैदान में कड़ी टक्कर देते हुए 1-0 से हराया. सेमीफाइनल में सोहेल ने टूर्नामेंट का शानदार प्रदर्शन करते हुए लिथुआनिया के आंदजे वोइनियस को 4-0 के बड़े अंतर से मात दी और फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे.

रोमांचक मुकाबले में फ्रांसीसी खिलाड़ी से हारे मैच
फाइनल मुकाबले में जगह बनते ही सोहेल का रजत पदक तो सुनिश्चित हो गया था, लेकिन एमपी का गोल्डन बॉय से एक बार फिर पूरे देश के लिए गोल्ड मेडल की उम्मीद थी. फाइनल मुकाबले में सोहेल का सामना फ्रांस के क्वेंटिन मिरामोंट से हुआ. इन दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक रहा. निर्धारित दो राउंड में कोई निर्णायक अंक नहीं बना, जिसके कारण मुकाबले को दुर्लभ तीसरे राउंड तक बढ़ाया गया. यह पूरे वर्ल्ड कप का एकमात्र मैच था, जो तीसरे राउंड तक गया. सोहेल ने पूरी ताकत से मुकाबला किया, लेकिन अंत में मात्र दो अंकों से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा.

जूनियर वर्ल्ड कप में जीत चुके हैं गोल्ड मेडल
सोहेल खान की बात करें, तो हाल ही में उन्हें रजत पदक हासिल हुआ है, वो इस वर्ग में भारत के किसी भी खिलाड़ी का पहला मेडल है. सोहेल की सफलता के पीछे उनके कोच डॉ. मोहम्मद एजाज़ खान, हरिकांत तिवारी, स्ट्रेंथ और न्यूट्रिशन कोच दीपक तिवारी और स्ट्राइकिंग कोच भबाजीत चौधरी का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा. सोहेल खान 2017 जूनियर कूडो वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं.
- रीवा के लाल ने अमेरिका में गाड़ा झंडा, ताइक्वांडो खेल में जीता गोल्ड मेडल
- उज्जैन की धाकड़ बेटियों ने रचा इतिहास, दांव पेंच के कायल हुए मोहन यादव
अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट में 4 बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं. 2023 सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे. 2025 वर्ल्ड कप में 12वीं वरीयता के साथ प्रवेश किया था, जो यूरेशियन कप में कांस्य पदक जीतने के बाद मिली थी.

