ETV Bharat / state

कूडो प्लेयर सोहेल को एशियन रैंकिंग में मिला दूसरा स्थान, नवंबर में टोक्यो चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

कूडो प्लेयर सोहेल खान ने एक बार फिर देश प्रदेश का नाम किया रोशन. कूडो एशियन चैंपियनशिप 2025 की रैंकिंग में मिला दूसरा स्थान.

SAGAR KUDO PLAYER SOHAIL KHAN
कूडो प्लेयर सोहेल को एशियन रैंकिंग में मिला दूसरा स्थान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 6, 2025 at 11:31 PM IST

|

Updated : September 7, 2025 at 8:00 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सागर: देश के जाने-माने कूडो प्लेयर सोहेल खान ने एक बार फिर अपने खेल की बदौलत सागर ही नहीं पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है. नवंबर माह में जापान के टोक्यो में होने जा रही कूडो एशियन चैंपियनशिप 2025 के लिए जारी की गई रैंकिंग में सोहेल खान को दूसरा स्थान मिला है. ये रैंकिंग कूडो इंटरनेशनल फेडरेशन द्वारा जारी की गई है. दरअसल 1 से 4 नवंबर तक टोक्यो में कूडो एशियन चैंपियनशिप आयोजित होना है, जिसमें भारत का प्रतिनिधित्व सोहेल खान करेंगे. रैंकिंग पर खुशी जताते हुए सोहेल ने कहा कि वह एशियाई चैंपियनशिप के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना होगा.

कूडो इंटरनेशनल फेडरेशन ने जारी की रैंकिंग

फेडरेशन की जारी रैकिंग में कूडो खिलाड़ी सोहेल खान को एडल्ट मेल 250 पीआई वर्ग में एशियाई रैंकिंग में दूसरा स्थान मिला है. ये ताजा महाद्वीपीय रैंकिंग कूडो इंटरनेशनल फेडरेशन ने 1 से 4 नवम्बर तक जापान के टोक्यो में होने वाली एशियन चैंपियनशिप 2025 से पहले जारी की है.

सोहेल खान का राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन (ETV Bharat)

सोहेल खान से आगे जापान के रयोता ओंडेरा हैं, जिन्होंने छठी कूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर 8 अंक हासिल किए हैं. सोहेल 5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. उन्हें बुल्गारिया में आयोजित कूडो वर्ल्ड कप में रजत पदक और 2024 यूरेशियन कप में कांस्य पदक जीतने पर दूसरा स्थान मिला है. तीसरे स्थान पर जापान के त्सुबासा टेरासाका हैं.

सोहेल खान का राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन

सोहेल खान ने एशियन चैंपियनशिप में क्वालीफाई के लिए अगस्त में सूरत में हुए राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में हिस्सा लिया था. जहां उन्होंने दोनों मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर अरुणाचल प्रदेश के बीरी तासो को नॉकआउट से और राजस्थान के अभिमन्यु गोडारा को सबमिशन से हराकर भारतीय टीम में जगह पक्की की. हाल ही में सोहेल ने मध्य प्रदेश राज्य कूडो चैंपियनशिप 2025 जीती. वह 4 बार अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट के स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं और 2017 के जूनियर वर्ल्ड चैंपियन भी हैं.

KUDO ASIAN CHAMPIONSHIPS 2025
डो एशियन चैंपियनशिप 2025 की रैंकिंग में मिला दूसरा स्थान (ETV Bharat)

'टोक्यो में शानदार प्रदर्शन मेरा लक्ष्य'

रैकिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए सोहेल खान ने कहा कि "दूसरा स्थान मिलने पर एशियन चैंपियनशिप के लिए और कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देता है. मेरा पूरा ध्यान कड़ी मेहनत के साथ अभ्यास पर है. मैं भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं. मेरे लिए असली चुनौती टोक्यो में मैट पर प्रदर्शन करना है."

SOHAIL KHAN 2ND RANKING
नवंबर में टोक्यो चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व (ETV Bharat)

एशियन चैंपियनशिप से पहले खेलेंगे 3 बड़े टूर्नामेंट

एशियन चैंपियनशिप से पहले सोहेल सूरत में होने वाले 3 बड़े टूर्नामेंट कूडो नेशनल टूर्नामेंट, फेडरेशन कप और अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे. ये टूर्नामेंट सोहेल खान के लिए टोक्यो से पहले तैयारी में अहम भूमिका निभाएंगे. सोहेल की ट्रेनिंग कूडो इंडिया के संस्थापक और मुख्य कोच हांशी मेहुल वोरा और पर्सनल कोच डॉ. मोहम्मद ऐजाज खान के मार्गदर्शन में हो रही है.

Last Updated : September 7, 2025 at 8:00 AM IST