सैंपल में दिखाते थे असली खाद और बेचते थे स्टॉक में रखा नकली माल! DAP से भरा गोडाउन सील
सागर जिले के सिलोधा में खाद से भरे गोडाउन पर छापा. प्रशासन ने किया सील, संदिग्ध होने पर 99 बोरियां जब्त.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 25, 2025 at 5:16 PM IST
सागर : मध्य प्रदेश में कई दिन से खाद के लिए किसान हाहाकार कर रहे हैं. हर जिले से इसी प्रकार की तस्वीरें सामने आ रही हैं. इसके साथ ही किसानों की जरूरत को देखते हुए कुछ लोग खाद की कालाबाजारी भी कर रहे हैं. यहां तक कि नकली खाद भी बेचा जा रहा है. सागर जिले के खुरई क्षेत्र के सिलोधा में नकली खाद बेचने की शिकायत पर कृषि विभाग ओर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा. सूने मकान में डीएपी इफको कंपनी की 99 संदिग्ध बोरियां जब्त कर गोडाउन सील कर दिया गया.
नकली खाद बेचा, किसान को शक हुआ तो की शिकायत
मंडीबामौरा क्षेत्र के किसान मनोहर विश्वकर्मा ने बताया "खुरई के पठारी रोड पर स्थित राजेश अहिरवार के मकान में खाद लेने के लिए गए हुए थे. वहां उन्हें असली खाद दिखाया गया था. सौदा तय हुआ तो खाद लेने के लिए खुरई-सागर रोड पर स्थित सिलोधा गांव के सड़क किनारे एक मकान में भेजा गया, जहां उसने 5 बोरी खाद का 8 हजार रुपए भुगतान भी किया. जब उसे लगा कि खाद नकली है तो उसने उस व्यक्ति से खाद वापस करने को कहा, लेकिन उसने वापस करने से इंकार कर दिया, उल्टा विवाद करने लगा."

गोगाउन से 99 संदिग्ध बोरियां जब्त
इस मामले की शिकायत कृषि विभाग और देहात थाना पुलिस से की गई. जब कृषि विभाग ओर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां कोई भी मौजूद नहीं था. जानकारी मिली कि यह मकान मुलायम पिता खूबसिंह सिंह राजपूत का है. टीम ने मकान के कमरे से डीएपी इफको कंपनी की 99 संदिग्ध बोरियों को जब्त किया. मकान के कमरे को सील कर दिया गया है. बोरियों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गोडाउन में ताला लगाकर भागा दुकानदार
इस मामले में एसएडीओ राजू चौहान ने बताया "शिकायत मिलने पर टीम के साथ मौके दबिश दी. जिस मकान में खाद रखा हुआ था, उसका मकान मालिक ताला लगाकर भाग गया था. वह वहीं रखकर गायब हुआ. इसी दौरान किसान ने नजर चाबी पर पड़ी. इसके बाद चाबी से ताला खोला गया तो 99 खाद की बोरियां रखी हुई थीं. जांच के लिए सैंपल लिए गए. सैंपल जांच के भेजे जाएंगे. यदि खाद नकली तो मामला दर्ज किया जाएगा."

- छतरपुर में नकली खाद फैक्ट्री पर छापेमारी, संचालक फरार, वेयर हाउस सील
- मुरैना में खाद के लिए मची गदर, किसानों में चली ताबड़तोड़ लाठियां, CSP ने संभाला मोर्चा
ऐसे करें नकली और असली खाद की पहचान
असली डीएपी दानेदार होता है और इसके दाने सख्त होते हैं. इसका रंग भूरा, काला या बादामी होता है. इसे नाखून से आसानी से नहीं तोड़ा जा सकता है. डीएपी की पहचान के लिए कुछ दानों को हाथ में लेकर चूना मिलाकर मसलने पर तीखी गंध आती है, जिसे सूंघना मुश्किल होता है. तवे पर धीमी आंच में गर्म करने पर डीएपी के दाने फूल जाते हैं.

