ETV Bharat / state

बिहार में देह व्यापार का भंडाफोड़, 9 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, महिलाओं समेत 12 धंधेबाज गिरफ्तार

रोहतास पुलिस ने देह व्यापार के अड्डे पर छापा मारकर 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है. 8 महिलाओं और 4 पुरुषों को गिरफ्तार किया.

Rohtas Police rescued girls
रोहतास में रैकट का खुलासा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 12, 2025 at 7:55 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतास: बिहार के रोहतास में देह व्यापार के धंधे पर पुलिस ने शुक्रवार को जोरदार प्रहार किया है. जिले के विश्रामपुर इलाके में डांस पार्टियों के आड़ में संचालित इस काले कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने नौ नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.

विश्रामपुर रेड लाइट एरिया पर पुलिस का धावा: रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के सख्त निर्देश पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विश्रामपुर टोला गांव में स्थित रेड लाइट एरिया पर एक साथ छह थानों की फोर्स ने छापेमारी की. सासाराम, मुफस्सिल, डेहरी, करवंदिया और अगरेर थानों की टीमों ने सदर एसडीपीओ-2 कुमार वैभव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया. जैसे ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, वहां अफरा-तफरी मच गई. कुछ ग्रामीणों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की सख्ती से स्थिति नियंत्रित हो गई.

रोहतास में रैकट का खुलासा (ETV Bharat)

नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू: छापेमारी के दौरान पुलिस ने नौ नाबालिग लड़कियों को विभिन्न मकानों से मुक्त कराया. इनमें से अधिकांश लड़कियां बिहार के बाहर अन्य राज्यों से लाई गई थीं. इसके अलावा, आठ महिलाओं और चार पुरुषों को गिरफ्तार किया गया, जो इस अवैध धंधे के मुख्य सूत्रधार थे. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिसमें उनके नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है.

डांस पार्टियों के बहाने काला कारोबार: विश्रामपुर इलाके में सालों से डांस पार्टियां संचालित हो रही थी, जिनके पीछे देह व्यापार का गोरखधंधा चल रहा था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन पार्टियों के माध्यम से नाबालिग लड़कियों को शोषित किया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जो इस धंधे की पुष्टि करती है. एसपी रौशन कुमार ने बताया कि यह 'नया सवेरा' अभियान का हिस्सा है, जो मानव तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शुरू किया गया.

बाल कल्याण समिति के हवाले नाबालिग: मुक्त कराई गई नाबालिग लड़कियों को तत्काल बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है. समिति द्वारा इन लड़कियों की काउंसलिंग की जाएगी और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा जाएगी. एसडीपीओ कुमार वैभव ने कहा कि लड़कियों से विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है, जिसमें उनके अपहरण या लाने का तरीका भी शामिल है.

"पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी के दौरान रेड लाइट एरिया से जो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है यह सभी बिहार से बाहर अन्य राज्यों की है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ये बच्चियां सुरक्षित रहें और उन्हें उचित सहायता मिले."-कुमार वैभव, एसडीपीओ-2, सासाराम

अन्य राज्यों से आरोपी गिरोह के तार: प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार धंधेबाजों का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हुआ है. ये लोग नाबालिग लड़कियों को लुभावने वादों के साथ फंसाते थे और विश्रामपुर को अपना हब बना रखा था. पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए विशेष टीम गठित करने पर विचार कर रही है. एसपी ने चेतावनी दी कि ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.

आगे भी जारी रहेगा अभियान: इस कार्रवाई से विश्रामपुर और आसपास के इलाकों में राहत की लहर दौड़ गई है. स्थानीय निवासियों ने पुलिस की तारीफ की और कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान है. रोहतास एसपी रौशन कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा.

"विश्रामपुर स्थित रेड लाइट एरिया में डांस पार्टी को आड़ में देह व्यापार का धंधा कराने की गुप्त सूचना मिलने पर विशेष रणनीति के तहत छापेमारी की गई इस ऑपरेशन में पांच थाने की पुलिस सहित एस डीपीओ रैंक के अधिकारियों को लगाया गया था. जिले भर में गुप्त निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि ऐसी घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके."- रौशन कुमार, एसपी, रोहतास

ये भी पढ़ें:

बिहार से हर साल मानव तस्करी के हजारों मामले उजागर, अंतर्राष्ट्रीय गिरोह भी सक्रिय

बिहार के दो भाईयों को एजेंट ने 6 लाख में थाईलैंड में बेचा! नौकरी के नाम पर कराया जा रहा साइबर क्राइम

बिहार की महिला को डेढ़ लाख में बेचा, पति की FIR से खुली पोल, 6 तस्कर गिरफ्तार

मानव तस्करों के चंगुल से 12 नाबालिगों को SSB ने छुड़ाया, दो आरोपी भी गिरफ्तार

बिहार से 8 बच्चों को बाल मजदूरी के लिए ले जा रहे थे, RPF ने छुड़ाया, दो गिरफ्तार