चुनावी साल में बिहार के इस जिले को मिला खूब तोहफा, NH-104 का उद्घाटन, 440 करोड़ की योजनाओं की घोषणा
मोतिहारी पहुंचे पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने 30 करोड़ की लागत से बने NH-104 का उद्घाटन किया. साथ ही कई बड़ी घोषणाएं की.

Published : May 5, 2025 at 8:21 AM IST
मोतिहारी: बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन रविवार को महात्मा गांधी की कर्मभूमि मोतिहारी पहुंचे. यहां उन्होंने करीब 440 करोड़ की नई योजनाओं की घोषणा की. साथ ही 30 करोड़ की लागत से NH-104 कृष्णनगर से फेनहारा तक बने 11 किलोमीटर लंबे पथ का उद्घाटन किया.
नितिन नवीन ने पूर्वी चंपारण को दी बड़ी सौगात: मोतिहारी पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन ने जिला अतिथि गृह के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्वी चम्पारण जिले के ढाका प्रखण्ड अन्तर्गत बलुआ गुआबारी के समीप लालबकेया नदी पर 73 करोड़ की लागत से बनने वाले उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा.
''मेहसी प्रखण्ड अन्तर्गत बूढ़ी गंडक नदी के इम्ब्राहीमपुर घाट पर 71 करोड़ की लागत से बनने वाले उच्चस्तरीय आरसीसी पुल और अरेराज में सोमेश्वर नाथ मंदिर परिसर को 16 करोड़ की लागत से जोड़ने वाले आरसीसी पुल निर्माण का कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा.''- नितिन नवीन, पथ निर्माण मंत्री, बिहार सरकार


3 ROB का होगा निर्माण: मंत्री ने बताया कि पूर्वी चम्पारण जिलान्तर्गत मेहसी एवं चकिया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे समपार संख्या-137 पर 107 करोड़ की लागत से ROB सह पहुंच पथ का निर्माण कार्य किया जाएगा. साथ ही पश्चिम चम्पारण जिलान्तर्गत भारत-नेपाल सीमा सड़क पर 173 करोड़ की लागत से कुल 2 ROB और पहुंच पथ का निर्माण कार्य किया जायेगा.

400 किलोमीटर सड़क का होगा कायाकल्प: उन्होंने कहा कि मोतिहारी में विभिन्न डिविजन के अंदर कुल 400 किलोमीटर सड़कों को OPRMC के तहत तेजी से संधारण करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है. वहीं, बैठक बाद सांसद राधा मोहन सिंह और पथ निर्माण मंत्री ने मरीन ड्राइव समेत अन्य पथों का भी निरीक्षण किया.
ये भी पढ़ें

