पूर्व मंत्री के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप, मुकेश को घर में घुसकर लोगों ने पीटा
राजद कोटे से पूर्व मंत्री के बेटे पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा है. ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री के घर पर जमकर हंगामा किया.

Published : June 23, 2025 at 10:07 AM IST
|Updated : June 23, 2025 at 11:20 AM IST
समस्तीपुर: राजद कोटे के पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी के बेटे मुकेश सहनी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है. जानकारी के अनुसार , पूर्व मंत्री के बेटे और उनके ड्राइवर पर टोले की ही एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है.
पूर्व मंत्री के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप: वहीं इस मामले में बीते दिनों बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी के घर पर आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. घटना के दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी हमला किया गया, जिससे जीप के शीशे टूट गए.
घर से भाग गई थी नाबालिग: दरअसल इस मामले में जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार, पीड़ित लड़की का एक ऑडियो वायरल हुआ , जिसमें पीड़िता ने मंत्री के पुत्र, चालक व एक अन्य युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. जिसमें उसने कहा है कि दुष्कर्म के बाद वह लोक-लाज के डर से घर से जा रही है, जिसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए, और पूर्व मंत्री के घर के बाहर हंगामा करने लगे.
आक्रोशितों ने मुकेश सहनी समेत तीन को पीटा: इस दौरान आक्रोशित भीड़ द्वारा पूर्व मंत्री के पुत्र मुकेश सहनी और चालक रघुवीर महतो के साथ भी बेरहमी से मारपीट की सूचना मिली है. वैसे सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला. इस दौरान पुलिस पर भी आक्रोशित भीड़ ने हमला कर दिया.
पुलिस का बयान: इस मामले पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि एक आरोपी चालक को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है. आगे लड़की के बयान के आधार कार्रवाई की जाएगी.
"परिजनों को आवेदन देने के लिये कहा गया है. वहीं पुलिस जीप पर हमला मामले में भी अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की जाएगी."- अजीत प्रसाद सिंह, मुफस्सिल थानाध्यक्ष
पूर्व मंत्री ने क्या कहा?: वहीं बेटे पर लगे दुष्कर्म के आरोप पर पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी का कहना है कि "मेरे परिवार को बदनाम करने की एक राजनीतिक साजिश है. मेरे बेटे को फंसाया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. अगर मेरा बेटा दोषी होगा तो मैं पैरवी नहीं करूंगा."
थाने पहुंची पीड़िता: वैसे इस पूरे घटनाक्रम के बीच, नाटकीय ढंग से पीड़िता नाबालिग लड़की स्वयं थाने पहुंची है, जिसके बाद पुलिस इस मामले के पूछताछ में जुटी है. बता दें कि आरोपी युवक के पिता पूर्व मंत्री व राजद नेता रामाश्रय सहनी लालू कैबिनेट में 1995 से 2000 तक मत्स्य सह पशुपालन मंत्री रह चुके हैं.
ये भी पढ़ें
बिहार में 6 साल की मासूम से हैवानियत, 15 साल के दो नाबालिग ने किया दुष्कर्म
दोस्तों ने होटल के कमरे में किया दुष्कर्म, इलाज के दौरान नाबालिग की मौत
8 हैवानों ने रातभर नाबालिग से किया था दुष्कर्म, 2 साल बाद सभी दोषियों को उम्रकैद

