चंपाई सोरेन को किया गया हाउस अरेस्ट, RIMS 2 की जमीन पर चलाने वाले थे हल
रिम्स 2 जमीन विवाद थम नहीं रहा है. रांची पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को हाउस अरेस्ट किया है.

Published : August 24, 2025 at 1:19 PM IST
रांची: जिले के कांके नगड़ी में बनने वाले RIMS-2 की प्रस्तावित जमीन पर हल चलाने के लिए नगड़ी जाने से पहले पुलिस ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन को हाउस अरेस्ट कर लिया है. डीएसपी वी रमण ने इसकी पुष्टि की है. डीएसपी ने बताया कि विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधात्मक कार्रवाई के तहत उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है. फिलहाल वह अपने आवास से बाहर नहीं निकल सकेंगे.
मेरा विरोध RIMS-2 से नहीं, जमीन से है:- चंपाई
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने आवास पर ही समर्थकों के साथ बैठे हुए हैं. उन्होंने बताया कि डीएसपी ने घर पर आकर उनसे कहा है कि वह अपने आवास से बाहर नहीं निकल सकते हैं. उन्होंने कहा कि उनका विरोध RIM-2 के निर्माण से नहीं है बल्कि आदिवासियों की जमीन बचाने के लिए है. उन्होंने कहा कि रांची में ही कई जगहों पर सरकारी और कम उपजाऊ जमीन है, उस पर भी रिम्स-2 बन सकता है. रिम्स-2 के जमीन को लेकर उनका विरोध और आंदोलन जारी रहेगा. चंपाई सोरेन ने कहा कि उन्होंने बहुत आंदोलन किया है. यह भी आंदोलन का हिस्सा है कि पुलिस हमें अपने आवास से नहीं निकलने दे रही है.
हमारे लोगों को भी हिरासत में लिया गया:- चंपाई
चंपाई सोरेन ने कहा कि शनिवार रात से ही रांची आ रहे लोगों को जगह-जगह से पुलिस ने हिरासत में लिया है या रोक दिया है. उनके बेटे बाबूलाल को भी रांची में प्रवेश करने से पहले हिरासत में लिया गया है. नगड़ी में किसानों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
ये भी पढ़ें: रिम्स-2 जमीन विवाद: क्या विवादित स्थल पर हल चला पाएंगे चंपाई सोरेन, सियासत के बीच प्रशासन ने लगाई निषेधाज्ञा

