BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का दावा- नसबंदी के बाद भी बच्चे पैदा करने की सुविधा रीवा में उपलब्ध
रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने अस्पतालों की व्यवस्थाओं व डॉक्टर्स की तारीफ करते-करते दिया अजीबोगरीब बयान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 20, 2025 at 12:58 PM IST
रीवा: विवादास्पद और अजीबोगरीब बयान देने के साथ ही अपनी गतिविधियों से हमेशा चर्चा में रहने वाले रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा किसी कार्यक्रम में बोलें और उनके बयान सुर्खियां न बनें, ऐसा हो ही नहीं सकता. अब सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान फिर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. उन्होंने रीवा के कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल की सुविधाओं और अस्पताल मे पदस्थ डॉक्टरों की तारीफ में चौंकाने वाली बातें कही.
लोकार्पण कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा "आत्मनिर्भर इस अस्पताल में नसबंदी के बाद फिर से बच्चा पैदा करने की स्थिति हो जाए तो इस प्रकार के संसाधन और डॉक्टर किसी दूसरे अस्पताल में नहीं हैं. केवल इसी रीवा के इसी अस्पताल मे उपलब्ध हैं."
रीवा जिला अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार
शुक्रवार को डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने जिला अस्पताल में नवीन भवन की सौगात दी. कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल मे 8 करोड़ 88 लाख की लागत से बने नवीन ओपीडी सहित 13 करोड़ 65 लाख की लागत से बनाए गए चिकत्सालय विस्तार भवन और कनेक्टिंग कॉरिडोर का लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित बड़ी संख्या मे चिकित्सक और मेडिकल स्टॉफ उपस्थित था. इसी दौरान सांसद जानार्दन मिश्रा ने तारीफ में ये अजीब बयान दिया.
अस्पतालों में मानव संसाधन की व्यवस्था करना आसान नहीं
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा "मानव संसाधनों को तैयार करने मे लिए बड़ी कठिनाई होती है. वार्ड बॉय. अस्पताल में पर्याप्त डायलिसिस की व्यवस्था, बच्चा वार्ड में सभी व्यवस्थाएं, प्लास्टिक सर्जरी की व्यवस्थाएं हों, यहां हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं. नसबंदी की बाद अगर दोबारा बच्चा पैदा करने की स्थित बन जाए तो इस प्रकार के संसाधन और उस तरह के डॉक्टर दूसरे किसी अस्पताल में नहीं मिलेंगे, केवल इसी अस्पताल में उपलब्ध हैं."

- लड़कर लैपटॉप खरीदवा लेना, नहीं तो पापा गांजा फूंक डालेंगे, रीवा सांसद की अजब सलाह
- "कांग्रेसियों में दम है तो मुझे चौराहे पर जिंदा जला दें" रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का चैलेंज
मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ने का दावा
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा "यह अपने आप में दर्शाता है कि ये सारे साधन जुटाने में कितनी मेहनत करनी पड़ती है. पीएम मोदी कहते हैं कि यूरोप और अमेरिका में डॉक्टर और मरीजों की जो स्थिति हैं, वही स्थिति 2047 तक हिंदुस्तान में करेंगे. मोदी के सपने को साकार कर रहे हैं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला. प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं. प्रोफेसर और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है. इस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो लक्ष्य है, उसे प्राप्त करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का काम सराहनीय है."

