नीले ड्रम में फन उठाकर खड़ा था कोबरा, फुफकार सुनकर थरथर कांपने लगे लोग
वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व जंगल से सटे रिहायशी इलाको में किंग कोबरा का रेस्क्यू हुआ है. गर्मी से बचने के लिए घर में घुस गया था.

Published : April 21, 2025 at 1:59 PM IST
बगहा: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से एक बड़ी और रोमांचक खबर सामने आ रही है. मामला वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे हुए टंकी बाजार का है. जहां एक जहरीला किंग कोबरा सांप घर में घुस आया. जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई. जिसकी लंबाई लगभग 5 फीट बताई जा रही है.
नीले ड्रम में आराम कर रहा था कोबरा: दरअसल, सांप गर्मी के दिनों में ठंडी जगह की तलाश में रहते हैं. लिहाजा कोबरा समेत विषैले सांप रिहायशी क्षेत्र के घरों की तरफ रुख कर रहे हैं. सोमवार को रिशु गुप्ता के घर में एक विशालकाय किंग कोबरा घर में घुस गया. बताया जा रहा है कि यह विषैला इंडियन कोबरा सांप अनाज रखने वाले नीले ड्रम में आराम फरमा रहा था.
फुफकार सुनकर उड़े होश: कोबरा सांप नीले ड्रम से निकलने के प्रयास में जब बार-बार वह फुफकार रहा था तब घरवालों का ध्यान ड्रम की तरफ गया. जब लोगों ने उसमें झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए.
5 फीट के कोबरा का किया गया रेस्क्यू: सभी ने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुन ग्रामीण जमा हो गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई. सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने नीले ड्रम से कोबरा का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित ले जाकर जटाशंकर जंगल में छोड़ दिया. बताया जा रहा है कि सांप तकरीबन 5 फीट लंबा था और जब उसे पकड़ा गया तो वह बार बार फन उठाकर हमला करने की कोशिश कर रहा था.
"गर्मी के दिनों में सांप धूप और उमस से व्याकुल होकर ठंडी जगह की तलाश में जाते हैं. यहीं वजह है कि सांप लोगों के घरों तक पहुंच जा रहे हैं. यहां उन्हें उनके मुताबिक नमी युक्त आवास मिलता है और भोजन के रूप में चूहे मिल जाते हैं." - वीडी संजू, वन्य जीव जंतुओं के जानकार

बेहद जहरीला होता है किंग कोबरा: वन्य जीव जंतुओं के जानकार वीडी संजू ने बताया कि किंग कोबरा और इंडियन कोबरा की तुलना की जाए तो इंडियन कोबरा काफी आक्रामक और जहरीला माना जाता है. भले हीं किंग कोबरा ज्यादा जहर इंजेक्ट करता हो लेकिन इंडियन कोबरा का जहर उससे ज्यादा जहरीला होता है.
नागलोक बना वाल्मीकि नगर: बगहा का वाल्मीकिनगर नागलोक बन गया है. आए दिन यहां अजगर समेत जहरीले सांप निकल रहे हैं. एक दिन में रसेल वाइपर और किंग कोबरा का रिहायशी इलाके में निकलना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. ये दो ऐसे जहरीले सांप हैं, जिनका एंटीवेनम उपलब्ध नहीं है. ऐसे में यदि ये सांप डंस ले तो इंसान पानी भी नहीं मांग सकता.
ये भी पढ़ें

