ETV Bharat / state

दिवाली–छठ पर दिल्ली से यूपी के इन शहरों के लिए चलाई जा रही 250 अतिरिक्त बसें, यहां पढ़िए लिस्ट

गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, अयोध्या व वाराणसी के लिए बसें बढ़ाई जाएंगी, दिल्ली के कश्मीरी गेट, आनंद विहार, सराय काले खां से बस सेवा मिल सकेगी.

ETV Bharat
दीवाली पर यूपी रोडवेज ने बढ़ाए बसों के फेरे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : October 14, 2025 at 5:37 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दीपावली व छठ पर्व के मौके पर जब ट्रेनों में आरक्षित सीटें मिलना मुश्किल हो गया है, ऐसे में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने यात्रियों को बड़ी राहत देने के लिए विशेष तैयारी की है. यूपीएसआरटीसी ने 250 अतिरिक्त बसों को आरक्षित किया है, जिन्हें यात्रियों की डिमांड और रूट की भीड़ के अनुसार चलाया जाएगा, जिससे यात्री त्योहार पर घर पहुंच सकें.

UPSRTC द्वारा आरक्षित बसों का संचालन राजधानी दिल्ली के प्रमुख बस टर्मिनलों– कश्मीरी गेट, आनंद विहार, सराय काले खां और गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से किया जाएगा. इस कदम का उद्देश्य त्योहारों पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को अधिकतम सुविधा व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है.

दिवाली-छठ पर यूपी रोडवेज का अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला (SOURCE: ETV BHARAT)

डिमांड के अनुसार यात्रियों को सीधे गंतव्य तक पहुंचाने की तैयारी
यूपीएसआरटीसी अधिकारियों के अनुसार दीपावली व छठ के दौरान जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां इन आरक्षित बसों को प्राथमिकता के आधार पर चलाई जाएगी. यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय अधिकारी केसरी नंदन ने बताया कि यात्रियों को बिना परेशानी अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों का शेड्यूल डिमांड के आधार पर तैयार किया जाएगा. जिन रूटों पर टिकट बुकिंग या यात्री संख्या अधिक पाई जाएगी. उन पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगे. इसके साथ ही छोटे रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं, जिससे दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों से निकटवर्ती जिलों में यात्रा करने वालों को किसी तरह की दिक्कत न हो.

पूर्वांचल और बिहार बॉर्डर तक बस सेवा के विशेष रूट
यूपीएसआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि दीपावली के बाद छठ पर्व को देखते हुए बसों का संचालन मुख्य रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे– गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, अयोध्या व वाराणसी की ओर बढ़ाया जाएगा. छठ पर्व पूर्वांचल व बिहार सीमावर्ती इलाकों में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है, इसलिए यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यूपी रोडवेज ने अतिरिक्त रूट्स व विशेष सेवाओं की योजना बनाई है. कई बसों को बिहार की सीमा के नजदीकी जिलों तक चलाया जाएगा, जिससे यात्रियों को अपने गांवों तक पहुंचने में आसानी हो सके.

Diwali Chhath 2025
दीवाली-छठ पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा (ETV BHARAT)

कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी व सुरक्षा इंतजाम
त्योहारों की भीड़ को देखते हुए यूपीएसआरटीसी ने बस डिपो पर कर्मचारियों की क्लॉकवाइज ड्यूटी तय की है. क्षेत्रीय प्रबंधक केसरी नंदन ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए हर शिफ्ट में कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जिससे किसी भी यात्री को सहायता की जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके. इसके
साथ ही सभी डिपो पर सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है. बस स्टैंड पर भीड़ नियंत्रित करने, टिकट जांच व गंतव्य पूछताछ के लिए विशेष हेल्पडेस्क भी बनाए गए हैं.

ऑनलाइन टिकटिंग व एडवांस बुकिंग से मिलेगी सहूलियत
यूपीएसआरटीसी की बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा पहले से उपलब्ध है. दीपावली व छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में यात्रियों ने पहले से ही एडवांस टिकट बुक कर ली हैं. हालांकि, यूपीएसआरटीसी का कहना है कि स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को भी मौके पर टिकट व सीट सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
अधिकारियों ने बस यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा का शेड्यूल पहले से तय करें. बस स्टैंड पर समय से पहुंचे, जिससे भीड़ व प्रतीक्षा से बचा जा सके.

त्योहारों में सुरक्षित व सुगम सफर का भरोसा
त्योहारों के इस मौसम में यूपीएसआरटीसी का यह कदम लाखों यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है. जहां ट्रेन टिकटों की कमी से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर अतिरिक्त बसों व बेहतर प्रबंधन से घर लौटने की उम्मीदें बढ़ गई हैं. यूपीएसआरटीसी का लक्ष्य है कि दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों पर कोई भी यात्री अपने घर जाने से वंचित न रहे.

ये भी पढ़ें- दिल्ली से इन 17 शहरों के लिए शुरू हो रही DTC बस सेवा, जानिए क्या है रेखा सरकार की योजना

ये भी पढ़ें- दिल्ली के मोरी गेट के पास DTC बस में अचानक लगी भीषण आग, पूरी बस जलकर खाक