बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चिराग पासवान को झटका, खगड़िया में एक साथ कई नेताओं का इस्तीफा
एलजेपीआर की खगड़िया इकाई में बगावत के सुर दिखने लगे हैं. सांसद राजेश वर्मा और मनोनीत जिलाध्यक्ष के विरोध में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने त्यागपत्र दिया-

Published : July 24, 2025 at 8:53 PM IST
खगड़िया : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही खगड़िया में लोजपा रामविलास की टीम टूटती नजर आ रही है. पिछले दिनों जिलाध्यक्ष शिवराज यादव द्वारा लगातार की जा रही बैठकों और सांसद राजेश वर्मा के विरोध में दिख रही मुहिम के बाद आज शिवराज यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपने पद से एकमुश्त इस्तीफा दे दिया.
जिला अध्यक्ष बदले जाने से बढ़ा विवाद : बुधवार को अचानक सांसद राजेश वर्मा ने मनीष कुमार को लोजपा रामविलास का खगड़िया जिला अध्यक्ष मनोनीत कर दिया. इससे पहले शिवराज यादव इस पद पर थे. चर्चा यह भी है कि मनीष कुमार पर पूर्व में एक डॉक्टर के साथ मारपीट का आरोप लग चुका है और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी. इसी वजह से उन्हें सांसद प्रतिनिधि के पद से हटा दिया गया था. अब उसी मनीष को जिलाध्यक्ष बनाया जाना कार्यकर्ताओं में असंतोष का कारण बना.

शिवराज यादव ने सांसद पर लगाए गंभीर आरोप : शिवराज यादव ने सांसद राजेश वर्मा पर आरोप लगाया कि वह कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं. गाली-गलौज तक करते हैं और कहते हैं कि "आपकी औकात कौड़ी भर की नहीं है, जब चाहूंगा पार्टी से निकाल दूंगा".
'जब मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से बात करना चाहता था, तो मुझे बात नहीं करने दी गई. इसलिए अब मैं एक खुला पत्र चिराग पासवान को भेजकर वस्तुस्थिति से अवगत कराउंगा. हमने इस्तीफा दे दिया है और यही अब हमारा अंतिम निर्णय है.''- शिवराज यादव, पूर्व लोजपा जिलाध्यक्ष, खगड़िया
पार्टी नेताओं में गहराता असंतोष : लोजपा के प्रदेश महासचिव रतन पासवान ने कहा कि ''सांसद राजेश वर्मा का व्यवहार पिछले दो महीनों से कार्यकर्ताओं के लिए प्रतिकूल रहा है. हम पिछले 20 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे हैं. कई बार प्रवक्ता और युवा मोर्चा अध्यक्ष रह चुके हैं. लेकिन अब पार्टी में कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है.''
पार्टी की आंतरिक कलह और भविष्य पर संकट : रतन पासवान ने बताया कि पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष रोशन पासवान, जिला सचिव सामोल पासवान, उन्हें स्वयं और जिलाध्यक्ष सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को शोकॉज भेजा गया है. इससे पार्टी का खगड़िया में अस्तित्व खतरे में है. कार्यकर्ताओं ने पार्टी की मजबूती के लिए दिन-रात मेहनत की, फिर भी उन्हें प्रताड़ना का शिकार बनाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें-

