राजस्थान में पड़ेगी झुलसा देने वाली गर्मी, इन जिलों में लू का अलर्ट, पढ़ें वेदर अपडेट
मौसम विभाग ने राजस्थान में गर्मी के तीखे तेवर को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.

Published : June 10, 2025 at 1:10 PM IST
जयपुर. पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं लू से लेकर भीषण गर्म हवाएं दर्ज की गई है. इस दौरान पूर्वी राजस्थान में कहीं कहीं हीटवेव दर्ज की गई है . मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने के साथ-साथ हीटवेव और लू का प्रकोप जारी रहेगा. श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में अगले 2 से 3 दिन तक अधिकतम तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और तेज हीटवेव की आशंका जताई गई है. वहीं, पूर्वी राजस्थान में भी अगले 3 से 4 दिन हीटवेव और लू के हालात बने रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया कि कोटा और भरतपुर संभाग में 15-16 जून से कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है. इसके अलावा, बीकानेर संभाग और उसके आसपास के क्षेत्रों में 9 से 11 जून के बीच तेज धूलभरी हवाएं (30–40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है, जिससे विजबिलिटी और जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: राजस्थान में परवान पर पारा: आज से 11 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, बाड़मेर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी!
बीकानेर संभाग में गर्मी का अलर्ट: मौसम विभाग ने 10 जून को राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है. चेतावनी के अनुसार, राज्य के भरतपुर, धौलपुर, कोटा, बूंदी, बारां, करौली और दौसा में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों में चूरू, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ जैसे जिले आते हैं, जहां गंभीर हीटवेव की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में दिन के समय लू जैसे हालात बने रह सकते हैं.
एक बार फिर गंगानगर सबसे गर्म : फ़िलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है. सोमवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 47.3 डिग्री दर्ज किया गया, इसके अलावा कई शहरों में पारा 45 डिग्री से ऊपर रहा. इन इलाकों में लू चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है. कल चित्तौड़गढ़ में 44.9 और राजधानी जयपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
| शहर | तापमान |
| चूरू | 45.6°C |
| बीकानेर | 45.8°C |
| जैसलमेर | 45.0°C |
| कोटा | 45.4°C |
| फतेहपुर | 45.3°C |
| फलोदी | 45.2°C |
आसमान से बरसी आग : करौली मे गर्म हवाओं के साथ आसमान से आग बरस रही है. भीषण गर्मी के कहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मौसम की मार इस कदर पड़ रही है कि लोग सुबह के 11 बजे बाद ही में अपने घरों से निकलने में डरने लगे. मंगलवार को दिन निकलते ही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का अहसास हुआ.वही तापमान 45 डिग्री को पार कर गया है. मौसम विभाग ने करौली मे गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है. दोपहर में गर्मी इतनी बढ़ गई कि घर से बाहर निकलने पर ऐसा लग रहा था कि आसमान से आग बरस रही है. इस एक सप्ताह में रोज पारा बढ़ रहा है. आग बरसाती धूप और लू से लोग परेशान हैं. गर्मी से लोगों के चेहरे झुलस जा रहे हैं. भीषण गर्मी से स्थिति यह हो गई है कि कूलर पंखे एयर कंडीशनर जवाब देने लगे हैं. गर्मी के तीखे तेवरों से लोग व्याकुल नजर आने लगे हैं. सड़कों पर भी दोपहर में सन्नाटा पसर जाता है.

