10 मई को लखनऊ पहुंचेगें राहुल गांधी, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल - loksabha election 2024
10 मई को लखनऊ में सामाजिक संस्थाओं की ओर से आयोजित हो रहे राष्ट्रीय संविधान सम्मान सम्मेलन कार्यक्रम में राहुल गांधी हिस्सा लेगें. इस कार्यक्रम में संविधान को बचाने और उसके लिए लगातार संघर्ष कर रहे लोग भी शामिल होंगे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 8, 2024 at 4:39 PM IST
लखनऊ: रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार और राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 10 मई को राजधानी लखनऊ में होंगे. वह इस दिन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. सामाजिक संगठनों की ओर से राष्ट्रीय संविधान सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें, वह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी इस तरह का एक कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है. जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विद्वानों ने अपनी-अपनी बात संविधान को लेकर दी है.
10 मई को अखिलेश यादव के साथ संयुक्त जनसभा कन्नौज में: 10 मई को राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में तीन बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. 10 में को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव की कन्नौज और कानपुर में संयुक्त जनसभा होगी. कन्नौज लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़ रहे हैं. सबसे पहले दोपहर 1:00 बजे कन्नौज में दोनों नेताओं की संयुक्त जनसभा होगी. इसके बाद 3:00 बजे कानपुर में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्रा के जनसभा में दोनों नेता शामिल होंगे. कानपुर की जनसभा को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे.
इसे भी पढ़े-रोड नहीं तो वोट नहीं, नाराज ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार करने की दी चेतावनी - Villagers Boycott Elections
सम्मेलन में कई वक्ता रखेंगे अपनी बात: कांग्रेस पार्टी की ओर से मिली सूचना के अनुसार राहुल गांधी 10 मई की शाम को राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे. वह विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय संविधान सम्मान सम्मेलन विषय पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस सम्मेलन में राहुल गांधी के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले बुद्धिजीवी और वक्ताओं को आमंत्रित किया गया है. इस दौरान मंच से करीब तीन-तीन मिनट तक सभी वक्ताओं और बुद्धिजीवियों को बोलने का मौका दिया जाएगा.
यह भी पढ़े-इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही अग्निपथ योजना रद होगी : कांग्रेस - Lalitpur Lok Sabha Constituency

