उदयपुर की तिरंगा यात्रा में बोले पंजाब के राज्यपाल कटारिया, पूरी दुनिया को भारत की ताकत का अहसास हुआ
उदयपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने रवाना किया. उन्होंने कहा हमारी सेना की ताकत पूरी दुनिया जान चुकी है.

Published : May 16, 2025 at 8:24 PM IST
उदयपुर: भाजपा की ओर से शुक्रवार को उदयपुर में तिरंगा यात्रा निकाली गई. पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने यात्रा की शुरुआत की. इस दौरान चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत मौजूद रहे. यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. इस मौके पर कटारिया ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को हमारी सेना की ताकत का अहसास करा दिया है. अब यह 1962 की फौज नहीं है, बल्कि 2025 की फौज है. राज्यपाल ने कहा कि यह नरेंद्र मोदी के राज की फौज है. उन्होंने साफ कहा है कि सामने से गोली आए तो हम गोला मारेंगे.
पंजाब के राज्यपाल ने कहा कि ये पहली बार हुआ है कि सरकार ने सेना के हाथ खोले हों कि जैसा चाहो वैसा करो. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ड्रोन्स को हमारी सेना ने नष्ट कर दिया, जबकि हमारे सभी टारगेट पाकिस्तान पर सही निशाने पर जाकर लगे.
पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर : तिरंगा यात्रा के साथ भाजपा निकालेगी सिंदूर यात्रा, महिलाएं संभालेंगी जिम्मा
उन्होंने कहा कि देश के सैनिकों ने जिस तरह सीमा पर बहादुरी दिखाई और प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह जवाब देने का काम किया. ऐसे में देश की जनता तिरंगा यात्रा के तहत उनका धन्यवाद ज्ञापित कर रही है. कटारिया ने कहा कि संकट के समय भारत एक हो जाता है. सब पार्टियां एक साथ आ जाती हैं. इस दौरान दुनिया तक यह मैसेज पहुंचा कि भारत के सैनिकों के साथ 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति है. उदयपुर की तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. महिलाएं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई. छोटे बच्चे सेना की पोशाक पहनकर शामिल हुए. यात्रा शहर के विभिन्न मार्ग से होती हुई गुजरी.

