नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश भाजपा में 15 मार्च से संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, जिसे भाजपा द्वारा संगठन पर्व का नाम दिया जाता है. करीब एक महीने बाद यह प्रक्रिया अब स्थानीय समितियों के गठन के बाद मंडल अध्यक्षों के चुनाव तक पहुंच गई है. इसको लेकर ईटीवी भारत ने भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं पूर्व विधायक महेंद्र नागपाल से बातचीत की और यह जानने का प्रयास किया कि मंडल अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया कब तक पूरी कर ली जाएगी. साथ ही मंडल अध्यक्ष के चयन में क्या-क्या नियम और शर्तें लागू किए गए हैं. किन आधार पर उनका चयन होगा और इसकी प्रक्रिया क्या रहेगी.
भाजपा संगठन की दूसरी सबसे छोटी इकाई है मंडल कमेटी : दिल्ली प्रदेश भाजपा में 14 जिलों में 256 मंडल अध्यक्ष बनाए जाते हैं. मंडल कमेटी भाजपा में संगठन की दूसरी सबसे छोटी इकाई होती है. प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉक्टर महेंद्र नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया दिल्ली भाजपा में 13 हजार 300 बूथ समितियां हैं. उन सभी का गठन हो चुका है.
19 और 20 अप्रैल को मंडल अध्यक्षों का होगा चयन : इसके बाद 19 और 20 अप्रैल को मंडल अध्यक्षों के चयन के लिए हमारे सभी शक्ति केंद्र प्रमुख, जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, निगम पार्षद एवं संगठन से जुड़े हुए पदाधिकारी मंडल अध्यक्षों के चयन को लेकर रायशुमारी करेंगे और वह तीन से चार नाम मंडल अध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए आए हुए नाम में से भेजेंगे. उसके बाद फिर यहां से उनमें से नाम को फाइनल करके संगठन पर्व उत्सव की घोषणा करेंगे.
अप्रैल के अंत तक पूरी होगी मंडल अध्यक्ष चयन प्रक्रिया : महेंद्र नागपाल ने बताया कि मंडल अध्यक्ष की चयन की प्रक्रिया इस महीने के अंतर्गत पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. मंडल अध्यक्ष के लिए 35 से 45 साल का कोई व्यक्ति दावेदारी कर सकता है. इसके लिए उसका भाजपा का प्राथमिक सदस्य सक्रिय सदस्य होना अनिवार्य है ,उन्होंने बताया कि सभी जगह उत्साहपूर्वक लोग संगठन चुनाव में भाग ले रहे हैं और दावेदारी भी जता रहे हैं.
वार्ड एससी वर्ग या महिला के लिए आरक्षित : मंडल अध्यक्ष चुनाव में जहां पर जिन वार्ड में जो वार्ड एससी वर्ग या महिला के लिए आरक्षित थे जिनमें निगम पार्षद एससी और महिला हैं क्या उन वार्ड में मंडल अध्यक्ष भाजपा सामान्य ओबीसी के लोगों को बनाएगी इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी हर वर्ग के भी संकलन बनाने का काम करेगी सभी लोगों को मौका मिलना चाहिए इसी को ध्यान में रखते हुए तय की जाएगी.
महिला और एससी वर्ग के दावेदारों को उम्र सीमा में छूट : प्रदेश चुनाव अधिकारी ने बताया कि भाजपा द्वारा मंडल अध्यक्षों की चयन में एससी और महिलाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि हमने मंडल के जो पर्यवेक्षक और मंडल के चुनाव अधिकारी नियुक्त किए हैं उन सभी से यह कहा है कि हर मंडल से जो दावेदारों के नाम आए हैं उनमें से रायशुमारी करके महिला और एसी वर्ग के व्यक्ति का नाम जरूर हमारे पास भेजें.
35 से 45 साल तक की उम्र सीमा मंडल अध्यक्ष के लिए निर्धारित : मंडल अध्यक्ष के लिए जो 35 से 45 साल तक की उम्र सीमा निर्धारित की है.उसमें एससी और महिलाओं के लिए एक-दो साल का उम्र सीमा में ग्रेस भी दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष के लिए उम्र सीमा अधिकतम 60 वर्ष रखी गई है. जब मंडल अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी उसके बाद जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी.
जिला अध्यक्षों के चुनाव के लिए कोई गाइडलाइन तय नहीं: जिला अध्यक्षों के चुनाव संपन्न करने के लिए अभी कोई गाइडलाइन तय नहीं की गई है. मंडल अध्यक्षों के चुनाव जो संपन्न हो जाएंगे तब उस प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा. बता दें कि दिल्ली भाजपा में संगठन की दृष्टि से 14 जिले हैं. जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा.
ये भी पढ़ें :