माजीसा धाम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव: भव्य शोभायात्रा के साथ हुई शुरुआत
बाड़मेर में नवनिर्मित माजीसा धाम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरूआत शोभायात्रा से हुई. इसमें 1008 महिलाओं ने भाग लिया.

Published : May 2, 2025 at 7:01 PM IST
बाड़मेर: बाड़मेर के जूना केराड़ू मार्ग पर नवनिर्मित माजीसा धाम मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई. संतों की उपस्थिति में यह शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में 1008 महिलाओं ने मंगल कलश धारण किए और माजीसा के भजनों का गायन किया, जबकि बालिकाएं और युवा हाथों में ध्वज लहराते नाचते गाते हुए चल रहे थे. हाथी, घोड़े, 25 रथ, झांकियां और अघोरी नृत्य ने शोभायात्रा को और भी आकर्षक बनाया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया.
श्री मातारानी भटियाणी चैरिटेबल संस्थान के अध्यक्ष स्वरूप चंद्र ने बताया कि तीन दिवसीय माजीसा धाम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पहले दिन शहर में एक ऐतिहासिक शोभा यात्रा निकाली गई. यह शोभायात्रा विद्यापीठ से शुरू होकर मुख्य मार्गों से गुजरी और माजीसा मंदिर पर समाप्त हुई. इसके बाद पंडित हितेश भाई शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ सत्संगी नव कुंडीय यज्ञ का आरंभ किया. इसमें 9 जोड़े और 15 से अधिक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां दीं. शिव के विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कार्यक्रम में भाग लिया और शोभायात्रा में रथ पर सवार नजर आए.
पढ़ें: मातृकुंडिया में महादेव मंदिर का 10 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
महाभिषेक व रात्रि जागरण होगा: आयोजन समिति के सह-संयोजक मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को माजीसा धाम में महाभिषेक, दोपहर में सत्संगी यज्ञ, महावीर वाटिका में महाप्रसादी, मेहंदी कार्यक्रम और रात्रि जागरण जैसे कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. रविवार को शुभ मुहूर्त में माजीसा मां, सवाईसिंह राठौड़ एवं लाल बन्नासा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के साथ तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन होगा.

