नीतीश कुमार की तरह BJP ने भी घोषित किया उम्मीदवार! मोतिहारी से पूर्व मंत्री को जिताने की अपील
एनडीए में बिना सीट बंटवारे के कैंडिडेट की घोषणा शुरू हो गई है. नीतीश की तरह बीजेपी ने भी एक सीट पर ऐलान कर दिया.

Published : September 13, 2025 at 3:17 PM IST
मोतिहारी: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अभी तक एनडीए में सीट शेयरिंग पर सहमति बन पाई है लेकिन इसके बावजूद पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर जिले की राजपुर सुरक्षित सीट से पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को जेडीयू कैंडिडेट घोषित कर दिया था. वहीं अब भारतीय जनता पार्टी ने भी मोतिहारी सीट से अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है.
प्रमोद कुमार होंगे मोतिहारी से प्रत्याशी: शुक्रवार को मोतिहारी विधानसभा में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ बीजेपी नेता और नीतीश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार को गठबंधन का संयुक्त उम्मीदवार घोषित करते हुए लोगों से उनको जिताने की अपील की. इस दौरान जेडीयू के भी कई बड़े नेता मंच पर मौजूद थे.
क्या बोले मंगल पांडेय?: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेता 'वोट चोरी' का झूठा आरोप लगाकर लोगों को भ्रमित करना चाहते हैं लेकिन आप लोग याद रखिये कि एनडीए ही बिहार का विकास कर सकता है. इसलिए इस बार भी एनडीए को जिताना है. उन्होंने कहा कि राधामोहन सिंह चाहते हैं कि इस बार मोतिहारी जिले की किसी भी सीट पर विपक्ष की जीत न हो. लिहाजा आपलोगों को हमें जिताना होगा. मोतिहारी में प्रमोद कुमार को वोट करना है.
"फिर से कमल फूल खिलाइयेगा ना. राधा मोहन सिंह जी का जो सपना है कि एक भी सीट इस जिले से कोई दूसरा नहीं जीते तो कोई नहीं जीतेगा ना? और मोतिहारी में भाई प्रमोद जी की जीत हो जाएगी ना, आपलोगों की कृपा से?"- मंगल पांडेय, बीजेपी नेता सह मंत्री, बिहार सरकार

क्या बोले प्रमोद कुमार?: वहीं मोतिहारी के मौजूदा बीजेपी विधायक प्रमोद कुमार ने इस दौरान अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं. साथ ही लालू-राबड़ी के शासनकाल को लेकर आरजेडी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब से वह विधायक बने हैं, लगातार जनसरोकार के कार्यों से जुड़े रहे हैं.
"मैं एक साधारण परिवार से आता हूं और साधारण लोगों के कष्ट और समस्या से परिचित हूं. इसलिए जब मैं विधायक बना तो आम आदमी का विधायक बन कर अभी तक का कार्यकाल बिताया."- प्रमोद कुमार, बीजेपी विधायक, मोतिहारी विधानसभा सीट
कौन हैं प्रमोद कुमार?: मोतिहारी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रमोद कुमार 2005 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं. कानू (हलवाई) जाति से आने वाले 63 वर्षीय प्रमोद कुमार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भी सदस्य रहे हैं. 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आरजेडी की रमा देवी को 34,567 वोटों से हराया था.

कब तक होगा सीट बंटवारा?: चर्चा है कि इस महीने एनडीए की बैठक होगी, जहां सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर औपचारिक मुहर लग जाएगी. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी-जेडीयू 101-102 सीटों पर लड़ सकते हैं, जबकि चिराग पासवान को 20, जीतनराम मांझी को 10 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को 10 सीटें दी जा सकती है. हालांकि चिराग और मांझी क्रमश: 45 और 20 सीट चाहते हैं.
ये भी पढ़ें:
NDA में सीट बंटवारे से पहले ही JDU का उम्मीदवार घोषित, नीतीश कुमार ने इस सीट पर किया ऐलान
'बिहार की 243 सीटों पर अकेले लड़ने की क्षमता सिर्फ हमारे पास', चिराग के जीजा का बड़ा बयान
जीतनराम मांझी ने कर दी बड़ी डिमांड, NDA में सीट बंटवारे से पहले दावेदारी तेज
एनडीए से पहले होगा महागठबंधन का सीट बंटवारा, सीएम-डिप्टी सीएम कैंडिडेट की भी घोषणा जल्द: मुकेश सहनी

