कांके नगड़ी में ग्रामीणों के साथ झड़प में तीन पुलिसकर्मी घायल, सिल्ली डीएसपी और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर को भी लगी चोटें
रांची के नगड़ी में रिम्स 2 के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई.


Published : August 24, 2025 at 9:05 PM IST
रांची: कांके प्रखंड के नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 के विरोध में आज दिन भर पुलिस और आक्रोशित ग्रामीणों के बीच झड़प जारी रही. रिम्स-2 की प्रस्तावित ज़मीन पर धान की रोपाई कर रहे हज़ारों ग्रामीणों को रोकने के लिए पुलिस को कई बार बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े.
ग्रामीण रांची के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि ग्रामीणों ने सरकारी काम में बाधा डाली और जमीन पर कंटीले तारों से की गई बाड़ को काट दिया. इस क्रम में ग्रामीणों की हिंसा में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि सिल्ली के डीएसपी और रांची के एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) को भी चोटें आई हैं.
ग्रामीण एसपी ने कहा कि आज की घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. पूरी घटना की वीडियोग्राफी कराई गई है और उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. पूरे इलाके में निषेधाज्ञा (पहले आईपीसी की धारा 144) लागू थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने इसका उल्लंघन किया है, जिनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
रांची के एसडीएम उत्कर्ष कुमार ने बताया कि रिम्स 2 की प्रस्तावित जमीन पर आज विभिन्न संगठनों ने धनरोपण का आह्वान किया था, इसलिए पुलिस प्रशासन ने भी विधि-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी तैयारी कर ली थी. उन्होंने बताया कि कुछ देर के लिए आक्रोशित लोगों ने रिंग रोड और कांके पिठोरिया मार्ग को जाम कर दिया था, लेकिन बाद में जाम हटा लिया गया और अब स्थिति सामान्य है. उन्होंने बताया कि आज की घटना में घायल जवानों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है.
यह भी पढ़ें:

