अयोध्या के गेस्ट हाउस में चल रहा था सेक्स रैकेट; पुलिस छापेमारी के बाद हिरासत में ली गईं 6 महिलाएं
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक, ऑपरेशन त्रिनेत्र योजना के तहत पूरी अयोध्या की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 20, 2025 at 11:07 AM IST
|Updated : September 20, 2025 at 11:31 AM IST
अयोध्या: शहर में पुलिस चौकी के पास संचालित गेस्ट हाउस में सेक्स रैकेट चल रहा था. शुक्रवार रात पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस पर छापेमारी की. इस दौरान रैकेट से जुड़ी 6 महिलाओं को हिरासत में लिया गया है. इनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा सके.
सीओ नगर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय स्तर पर काफी समय से गेस्ट हाउस में सेक्स रैकेट चलने की शिकायत मिल रही थी. इसके पहले भी कई बार पूछताछ की गई, लेकिन मामले का खुलासा नहीं हो सका था. स्थानीय लोगों ने भी कई बार शिकायत की थी, कि गेस्ट हाउस में गलत काम हो रहा है. पुलिस टीम करीब एक महीने से गेस्ट हाउस की गतिविधियों पर नजर रख रही थी.
ज्यादा महिलाओं के पहुंचने की मिली सूचना: सीओ शैलेंद्र ने बताया कि रात में यह जानकारी मिली की बड़ी संख्या में महिलाएं गेस्ट हाउस में मौजूद हैं. इसके बाद कई थानों की फोर्स बुलाई गई और गेस्ट हाउस को घेरकर छापेमारी की गई.
पुलिस को यह भी पता चला कि है, कि अयोध्या के कई हिस्सों में मसाज पार्लर की आड़ में इस तरह के रैकेट संचालित हो रहे हैं. अयोध्या पुलिस अब पूरी सतर्कता बरत रही है. कहीं से भी कोई सूचना मिलती है, तो तत्काल एक्शन लिया जाएगा.
ऑपरेशन त्रिनेत्र से रखी जा रही नजर: एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक ऑपरेशन त्रिनेत्र योजना के तहत पूरी अयोध्या के गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. इसको लेकर अयोध्या के सभी चौराहे और प्रमुख मार्गों पर कैमरे लगाए गए हैं. आसपास क्षेत्र के गेस्ट हाउस में प्रवेश की भी निगरानी की जा रही है.

