ETV Bharat / state

सारंडा में आईईडी ब्लास्ट, माओवादियों से मुठभेड़ में जवान घायल

पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस दौरान आईईडी ब्लास्ट हुआ है.

Police jawan injured in IED blast during search operation in West Singhbhum district
प्रतीकात्मक तस्वीर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : March 18, 2025 at 12:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सारंडा के जंगल क्षेत्र बाबूडेरा में एक सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट हो गया. इस विस्फोट में एक जवान घायल हो गया. बताया जा रहा है कि जवान को गंभीर चोटें आई हैं. जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची एयरलिफ्ट किया गया है.

पश्चिमी सिंहभूम जिला के जराईकेला थानान्तर्गत वनग्राम राधा पोड़ा के आसपास जंगली पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मंगलवार सुबह लगभग 10.25 बजे मुठभेड़ हुआ. पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक अशुतोष शेखर ने बताया कि इस मुठभेड़ में पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर दिया, जिसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ 134 बटालियन के एसआई सुबोध कुमार जख्मी हो गये. फिलहाल जख्मी जवान की स्थिति स्थिर है.

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के क्रम में सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल एवं पहाड़ का लाभ उठाते हुए भाग खड़े हुए. इसके बाद घायल जवान को त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय और सीआरपीएफ के सहयोग से हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल घायल जवान की स्थिति स्थिर है और उसके किसी भी तरह का खतरा नहीं है.